-भारत-पाक युद्ध 1971 की विजय के 50वें वर्ष पूरा होने पर सेना ने रुविवि के नवीन छात्रावास के सामने मैदान में लगाई गई प्रदर्शनी

बरेली : सर, 'ये लाइट फील्ड गन तो तोप की तरह है.कितनी दूर तक निशाना लगा सकती है ? अरे, ये देखो, मशीन गनइसमें एक राउंड में कितनी गोली निकलती होंगी ? कुछ ऐसे ही सवाल शुक्रवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय के नवीन छात्रावास के सामने मैदान में लगी सेना के अस्त्र-शस्त्रों की प्रदर्शनी देखने आए छात्रों और एनसीसी कैडेट्स ने सैन्य जवानों से किए। उनकी ललक देख सेना के जवानों ने सभी हथियारों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर सैन्य जवानों ने लाइट फील्ड गन (मिनी तोप) का लाइव डेमो भी दिखाया, जिसे देख छात्रों का उत्साह दो गुना हो गया। छात्रों ने शस्त्र के साथ खूब सेल्फी भी ली।

देखते ही बन रहा था उत्साह

भारत-पाक युद्ध 1971 की विजय के 50वें वर्ष पूरा होने पर थल सेना बरेली की ओर से शुक्रवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें कार्यक्रम में कुलपति प्रो केपी सिंह, ले। कर्नल आरके जोशी सहित अन्य सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शनी में इंसास रायफल, कार्बन मशीन गन, रॉकेट लांचर, इर्मेजेंसी व्हीकल, मिनी तोप से लेकर सेना की मेडिकल सुविधा को देख छात्र और एनसीसी कैडेट्स में जोश भर गया। इस अवसर पर क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ। आलोक श्रीवास्तव, चीफ वार्डेन प्रो। योगेंद कुमार भी मौजूद रहे।

लाइट फील्ड गन सबसे परफेक्ट

प्रदर्शनी में 105/37 एमएम लाइट फील्ड गन को सबसे ज्यादा पसंद किया गया। 1980 में भारतीय सेना को मिली इस फील्ड गन को मिनी तोप कहा जाता है। 17.2 किलोमीटर तक निशाना साधने वाली यह मिनी तोप एक मिनट में छह राउंड फायर करती है। इसके एक गोले का भार 16.84 किलोग्राम का होता है। पहाड़ों पर भी इसे आसानी से ले जाया जा सकता है।

कैडेट्स बोले-हमारी सेना सबसे मजबूत

प्रदर्शनी में एनसीसी कैडेट्स भी पहुंचे। उनके मन में भी हथियारों के बारे में कई सवाल थे जो उन्होंने सेना के जवानों से पूछे। कैडेट आकांक्षा तिवारी ने कहा कि कभी सामने से ऐसे हथियार नहीं देखे थे। पता चला कि हमारी सेना सबसे मजबूत है। कैडेट रुचि गंगवार और हर्षिता पांडेय ने कहा कि फिल्मों में ही सेना के हथियार देखते थे। अब सामने देखा। कैडेट बादल कुमार और अभिषेक कुमार ने इंडियन आर्मी के हथियार बार्डर पर कैसे और किस पोजिशन में काम करते हैं, इसकी जानकारी ली।

Posted By: Inextlive