-लखनऊ पुलिस देर रात दोनों को बरामद कर ले जा रही थी लखनऊ

-सीतापुर के पास खाया जहर, लखनऊ में इलाज के दौरान मौत

बरेली- लखनऊ से भागकर बरेली के सुभाषनगर में रह रहे प्रेमी जोड़े ने पुलिस कस्टडी में जहर खाकर जान दे दी। दोनों को देर रात लखनऊ के कृष्णा नगर थाना की पुलिस बरामद कर लखनऊ लेकर कार से जा रही थी। रास्ते में सीतापुर के पास दोनों की तबियत खराब हुई तो उन्होंने बताया कि जहर खा लिया है। जिसके बाद दोनों को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया लेकिन उनकी मौत हो गई। बरेली में जब पुलिस को जानकारी हुई तो जांच पड़ताल की गई। यही नहीं मामले की सूचना पर कॉलोनी में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई।

10 महीने पहले हुए थे फरार

लखनऊ के कृष्णा नगर निवासी विकास का वहीं की रहने वाली पारूल रावत से प्रेम प्रसंग हो गया था। दोनों शादी शुदा थे। दोनों 21 नवंबर 2019 को लखनऊ से फरार हो गए थे। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर 14 अगस्त 2020 को पारूल की मां ने विकास के खिलाफ बहला-फुसलाकर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। सुभाषनगर पुलिस के मुताबिक दोनों पॉल कॉलोनी में किराये पर 10 महीने से पति-पत्‍‌नी बनकर रह रहे थे। विकास की उम्र 34 साल और पारुल की 32 साल थी, जिसके चलते किसी को उनके शादी-शुदा होने पर और भागकर आने पर कोई शक भी नहीं हुआ। विकास को सुभाषनगर के एक फेमस स्वीट शॉप पर काम भी मिल गया था।

किसी समय खा लिया जहर

एसएचओ सुभाषनगर हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि संडे रात कृष्णा नगर थाना से एसआई भरत कुमार पाठक पुलिस टीम के साथ थाना पहुंचे थे। उनके साथ में परिजन भी थे। लखनऊ पुलिस के साथ थाने से भी पुलिस को भेजा गया और दोनों को बनवारी के घर से बरामद कर लिया। दोनों ने पुलिस के सामने अपना जरूरी सामान रखने और कपड़े बदलने की बात कहते हुए कुछ समय लिया और फिर पुलिस दोनों को अपने साथ प्राइवेट गाड़ी में लखनऊ ले जाने के लिए निकल गई। जब वह लोग सीतापुर के पास पहुंचे तो विकास और पारुल की तबियत बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगे। यह देखकर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने दोनों को लखनऊ ले जाकर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां दोनों की मौत हो गई।

लड़की ने बदला था नाम

मकान मालिकन विद्या ने बताया कि पहले दोनों किसी अन्य मकान में किराये पर रहते थे। लॉकडाउन के दौरान दोनों में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद मकान मालिक ने निकाल दिया था। उसके बाद उनके मकान में दो महीने के लिए रहने की बात कही थी। दोनों ने कहा था कि किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होगी। विद्या के मुताबिक लड़के ने अपना नाम विकास और लड़की ने कोमल बताया था, जिससे साफ है कि लड़की ने अपनी पहचान छिपायी थी। उनके मुताबिक 27 मार्च को उनके घर में रहते हुए तीन महीने होने वाले थे और उन्होंने कमरा खाली करने के लिए भी बोला था।

33 प्रेमी जोड़े दे चुके हैं जान

बताया जा रहा है कि दोनों एक दूसरे से बहुत प्यार करते थे। दोनों के कोर्ट में बयान होने थे, इसीलिए पुलिस उन्हें लेकर जा रही थी। आशंका है कि दोनों ने या तो रात में सामान रखने और कपड़े बदलने के दौरान जहर खा लिया या फिर जहर लेकर रास्ते में खा लिया। दोनों का कहना था कि साथ जी नहीं सकते तो मर तो सकते हैं। बरेली रेंज में अब तक 33 प्रेमी जोड़े या तो जान दे चुके हैं या उनकी जान ली जा चुकी है। जिसमें 13 केस ऐसे हैं, जिसमें दोनों ने एक साथ जान दी है। लखनऊ से पहले बरेली के बिथरी चैनपुर के रहने वाले प्रेमी जोड़े ने सितारगंज में नदी में कूदकर जान दे दी थी। इस मामले में लड़के के परिजन लगातार हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

Posted By: Inextlive