- शादी के लिए युवती की दो लड़कों से चल रही ऑनलाइन बातचीत

-पहले ने किया मना तो दूसरे लड़के से रिश्ता तय कर की सगाई

बरेली : पीजी छात्रा की सगाई तय होने से नाराज एक युवक ने उसे धमकी दे डाली। युवक उस पर सगाई तोड़कर खुद से रिश्ता जोड़ने का दबाव बना रहा है। पीडि़ता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी शादी तुड़वाने फिर तेजाब से जलाने की धमकी दे डाली। आरोप है कि इस दौरान उसने युवती के नाम से फर्जी फेसबुक आइडी बनाई और मंगेतर व उनके परिजनों को आपत्तिजनक मैसेज कर रहा है। पीडि़ता की बहन को पता चला तो उसने आरोपी के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

बारादरी में केस दर्ज

बारादरी के पॉश कॉलोनी में रहने वाली महिला ने बताया कि बीसलपुर पीलीभीत निवासी छोटी बहन उसके साथ रहकर पीजी की पढ़ाई कर रही है। उसने बहन के निकाह के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। 15 नवंबर को उन्होंने बहन का प्रोफाइल चेक किया तो पहले असद खां निवासी मुरादाबाद फिर दूसरा प्रोफाइल अकबर का चेक किया। दोनों से बहन के रिश्ते के लिए बात चली। इस दौरान अकबर के परिजन तैयार हो गए और रिश्ता पक्का कर लिया। जबकि असद ने मना कर दिया। जिसके बाद बहन की अकबर से सगाई भी हो गई। आरोप है कि सगाई के बाद असद अब शादी की जिद पर अड़ गया। उसनं धमकी देना शुरू कर दिया कि वह सगाई तोड़कर उससे निकाह करे। मना करने पर आरोपित ने उसकी बहन का कॉलेज से लौटते समय पीछा कर रास्ता रोका और धमकी दी कि वह उसकी शादी तुड़वा कर रहेगा। विरोध पर आरोपित ने छोटी बहन को तेजाब से जलाने की धमकी दी तो वह रो पड़ी। उसके बाद असद ने छोटी बहन का फर्जी फेबसुक आइडी बनाई और अकबर उसके परिजनों व रिश्तेदारों को आपत्तिजनक मैसेज भेजने लगा। इतना ही नहीं उसने बहन के कॉलेज के प्रोफेसर और उसके दोस्तों को भी आपत्तिजनक मैसेज भेजकर बदनाम किया। फिलहाल पीडि़ता की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने असद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

Posted By: Inextlive