- गोली लगने के बाद जमीन पर पड़ा तड़पता रहा घायल

- एंबुलेंस भी नहीं पहुंची, परिजन ई-रिक्शा से ले गए हॉस्पिटल

बरेली : कोरोना काल में संक्रमण के डर से लोगों ने अपनों से भी दूरी बना ली थी तो वहीं फ्राइडे को स्टेशन रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में हुई घटना से एक बार मानवता फिर शर्मसार हो गई। गोली लगने के बाद घायल जमीन पर पड़ा तड़पता रहा, लेकिन कोई उसकी मदद को आगे नहीं आया। इस दौरान कई लोग अपने मोबाइल फोन से घटना की वीडियो बनाते रहे, लेकिन घायल को अस्पताल पहुंचाने या पुलिस को सूचना देने की जरूरत नहीं समझी। बैंक के स्टाफ ने भी उनकी कोई मदद नहीं की। गनीमत रही कि गोली उनकी जांघ में लगी थी और समय पर उनकी बेटी ने उन्हें फोन कर लिया, जिससे परिजनों को घटना का पता चल गया और उन्हें समय पर इलाज मिल गया।

बेटी ने किया फोन तो हुई जानकारी

राजेश की पत्नी प्रियंका राठौर के मुताबिक, घटना की जानकारी बैंककर्मियों द्वारा उन्हें नहीं दी गई। गोली लगने के बाद वह लहूलूहान अवस्था में पड़े रहे। इसी बीच बेटी अंशिका ने फेसवाश लाने के लिए राजेश को फोन किया। फोन उठाते ही बेटी से वह बोले कि बेटी बैंक में सिक्योरिटी गार्ड ने गोली मार दी हैं। मैं बैंक में पड़ा हूं। जल्दी सब लोग आओ। हमें अस्पताल ले चलो। आस-पास रहने वाले रेलवे कर्मचारियों के साथ पत्नी बैंक पहुंची जिसके बाद राजेश को अस्पताल पहुंचाया गया। स्वजन की सूचना पर ही पुलिस पहुंची। राजेश की दो छोटी-छोटी बेटियां अंशिका, अपूर्वा व बेटा तेजस है।

नहीं की किसी ने मदद

प्रियंका राठौर ने घटना में सिक्योरिटी गार्ड के साथ बैंक मैनेजर गीता भूसाल को भी दोषी ठहराया। कहा कि पति को गोली लगने के बाद भी बैंक मैनेजर उनकी मदद को आगे नहीं आईं। पति दर्द से छटपटाता रहा। आरोप यह भी लगाया कि सूचना देने के बाद एंबुलेंस तक नहीं पहुंची। इसी के चलते राजेश को ई-रिक्शा से अस्पताल ले जाया गया। इंटरनेट मीडिया पर राजेश को ई-रिक्शा से ले जाते हुए वीडियो वायरल हो रहा है।

रिटायर्ड फौजी है सिक्योरिटी गार्ड

सिक्योरिटी गार्ड केशव प्रसाद मिश्रा रिटायर्ड फौजी है। वर्ष 2014 में वह सिलीगुड़ी से हवलदार पद से रिटायर हुआ था। रिटायरमेंट के बाद उसने एस्कार्ट सिक्योरिटी पर्सनल सर्विस एजेंसी ज्वाइन की। इसके बाद से उसे बैंक आफ बड़ौदा मीरगंज में ड्यूटी मिली। बीते करीब ढाई साल से वह स्टेशन रोड स्थित बैंक आफ बदौड़ा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। केशव प्रसाद ने कहा कि राजेश से उसकी कोई रंजिश नहीं थी। हाथापाई के समय बंदूक हटाने लगा, इसी में गोली चल गई। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में केशव राजेश को साफ रूप से गोली मारते दिख रहा है।

हम जेल जाएंगे तो जाएंगे ये भी

राजेश को गोली मारने के बाद सिक्योरिटी गार्ड केशव प्रसाद भागा नहीं। वह वहीं खड़ा रहा। इस पर बैंक में मौजूद ग्राहकों ने उससे राजेश को गोली मारे जाने पर सवाल किया। कहा कि यदि कोई मास्क नहीं लगाएगा तो गोली मार दोगे। अब तुम्हें जेल जाना पड़ेगा। इस पर सिक्योरिटी गार्ड ने कहा कि हम जेल जाएंगे तो यह भी जाएंगे। हमें कोई दिक्कत नहीं है। ग्राहकों ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड ने यहां तक कहा कि गलती की सीने में गोली मार देनी चाहिए थी। अंदाजा लगा सकते हैं कि गार्ड कितना क्रोधित था।

घटना स्थल पहुंचे आईजी, एसएसपी

घटना के बाद आइजी रमित शर्मा, एसएसपी रोहित सिंह सवजाण भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बैंक मैनेजर से घटना की पूरी जानकारी ली। सीसीटीवी फुटेज में चेक किए। फारेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए।

मीडिया पर वायरल होने लगे मीम्स

घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर मीम्स चलने लगे। लोगों द्वारा लिखा जाने लगा कि मास्क पहनकर ही बैंक जाना, वरना गार्ड गोली मार देगा। एक ने लिखा कि मास्क नहीं लगाया तो लो अब गोली खा। इंटरनेट मीडिया पर बरेली का यह प्रकरण चर्चा का विषय बना रहा।

आरोपित सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रेलवे कर्मचारी के स्वजन की तहरीर पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

- रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

बैंक शाखा में गार्ड और पीडि़त व्यक्ति के बीच तकरार के चलते गोलीबारी की जो दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी उसको लेकर हम गहरा खेद प्रकट करते हैं। जख्मी व्यक्ति को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। बैंक ने पीडि़त व्यक्ति के परिवार को हर सहायता वित्तीय और अन्य मुहैया कराया है। प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी की ओर से तैनात गार्ड को तत्काल कार्यमुक्त कर दिया गया है और पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। बैंक की ओर से पुलिस प्राधिकारियों को उनकी जांच पड़ताल में पूरा सहयोग दिया जा रहा है। हम बैंक के सुरक्षा अधिकारियों के जरिए अंदरूनी जांच भी कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भविष्य में कभी भी इस तरह की कोई घटना न घटे।

गीता भुसाल, मैनेजर बीओबी

Posted By: Inextlive