- किला छावनी का रहने वाला था मृतक, घूमने की बात कर दोस्त के साथ था निकला

- चाकूओं के वार से बाहर निकल आईं आतें, पूरे शरीर पर वार, प्राइवेट पार्ट में भी घोपा चाकू

बरेली : किला छावनी के रहने वाले 20 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने युवक के पूरे शरीर पर चाकूओं से कई वार किये। गर्दन रेतने के बाद पीठ और पेट में चाकू घोंपे जिससे युवक की आंते बाहर निकल आईं। हत्यारों का दुस्साहस यही नहीं थमा। इसके बाद युवक के प्राइवेट पार्ट में भी चाकू घोंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चाकू के हमले से ही मौत की पुष्टि हुई है। चाकू से युवक पर 35 वार किए गए थे।

मृतक दर्शन सागर किला छावनी का रहने वाला था। सोमवार रात साढ़े नौ बजे उसके घर दोस्त अमन आया। इसके बाद दर्शन अमन के साथ घर पर बाहर घूमने की बात कह कैपरी व शर्ट पहनकर निकल गया। देररात तक अमन वापस नहीं लौटा तो स्वजनों ने तलाश शुरू की लेकिन, कोई जानकारी नहीं हो सकी। किला पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे पुलिस को कालीधाम मंदिर फूलबाग के पास पड़े खाली प्लाट में शव मिलने की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने दर्शन सागर के स्वजनों को फोन किया। स्वजनों ने शव की शिनाख्त दर्शन के रूप में की। हत्यारों ने दर्शन की गर्दन को चाकू से रेतने के बाद उसकी पीठ व पेट के बाद प्राइवेट पार्ट पर वार किये। दर्शन की आंते बाहर निकली हुई थी। दर्शन के शव से उसके घर की दूरी महज ढाई सौ मीटर ही थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया जिसमे एंटीमार्टम एंजरी की बात सामने आई। स्वजनों ने दर्शन की मौत के पीछे अमन व उसके साथियों का ही हाथ होने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से अमन फरार है। देरशाम को स्वजनों ने मामले को लेकर किला थाने में तहरीर दी।

दूसरी जगह हत्या कर प्लाट में फेंका शव, मौके से मिले दो चाकू, छह सौ मीटर में ही छिपे हैं हत्यारे

दर्शन के शरीर पर चाकूओं से हुए 35 प्रहार के बाद भी शव के स्थान पर कहीं भी खून नहीं मिला। लिहाजा, साफ है कि दर्शन की हत्या अन्य स्थान पर कर उसका शव खाली प्लाट में फेंका गया। लकड़ी लगे बेत के दो चाकू शव के पास में ही पड़े थे। घटना के बाद पहुंची डॉग स्कवायड की टीम ने डॉग से जब घटना का मुआयना कराया तो डॉग महज छह सौ मीटर के इर्द-गिर्द ही घूमता रहा। ऐसे में अंदेशा है कि हत्यारे छह सौ मीटर के आस-पास ही छिपे हैं।

पैसे के लेन-देन में चार महीने पहले अमन से हुआ था विवाद

दर्शन के पिता बब्बू सक्सेना ने बताया कि चार माह पहले ही बेटे का अमन के पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। जिसमे दर्शन ने अमन का फोन ले लिया था। मामले में समझौता हो गया था जिसके बाद फिर से बोलचाल शुरू हो गया। आरोप है कि तय रणनीति के तहत ही अमन सोमवार को बेटे से मिलने आया और घूमने के बहाने बेटे को साथ ले गया। जिस प्रकार से दर्शन के पूरे शरीर को चाकूओं से गोदा गया है, अंदेशा है कि घटना में कई आरोपित शामिल थे।

पिता है इलेक्ट्रीशियन, ट्रांसपोर्ट कंपनी में नौकरी करता था दर्शन

दर्शन के पिता बब्बू सक्सेना इलेक्ट्रीशियन हैं। दर्शन मामा राजेश के साथ जयभारत ट्रांसपोर्ट में नौकरी कर रहा था। भाईयों में वह सबसे बड़ा था। उसके तीन भाई और दो बहनें हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। दर्शन की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

वर्जन

घटनास्थल से दो चाकू बरामद हुए हैं। मृतक के स्वजन की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों के गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

- रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

Posted By: Inextlive