रुपए मांगने से तंग आकर एयरफोर्स कर्मचारी ने किया सुसाइड

मोबाइल नंबर के आधार पर कैंट, साइबर सेल की टीम ने किया अरेस्ट

GORAKHPUR: ट्रेन में दिल्ली से लौटते समय एयरफोर्स कर्मचारी से दोस्ती कर एयरफोर्स कर्मचारी को ब्लैकमेल करने, उसे खुदकुशी के लिए उकसाने वाली महिला को कैंट पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। बस्ती, मालवीय नगर की रहने वाली महिला एयरफोर्स कर्मचारी से बार-बार रुपए मांग रही थी। उसकी हरकतों से तंग आकर एयरफोर्स कर्मचारी ने अपनी जान गवां दी। सुसाइड नोट और कर्मचारी के बेटे के शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोमवार को महिला को अरेस्ट किया। उसकी पहचान रंजना के रूप में हुई। महिला से पूछताछ के आधार पर पुलिस छानबीन में जुटी है। आशंका है कि वह पहले भी कई लोगों को ब्लैक मेल कर चुकी होगी।

सुसाइड नोट पर लिखे नंबर से मिला सुराग

हरियाणा, सोनीपत के राई एरिया निवासी दोवापुर के मूल निवासी रामसिंह दहिया एयरफोर्स में जूनियर वारंट अफसर थे। छुट्टी से लौटने के बाद उनको 14 दिनों के लिए क्वारंटीन किया गया था। 14 सितंबर को आकाश विहार कॉलोनी स्थित आवास में उन्होंने फंदे से झूलकर जान दे दी। उस दिन उनके एक साथी ने मोबाइल पर कॉल किया तो काफी देर तक रिंग बजी। लेकिन काल रिसीव नहीं हो रही थी। अनहोनी की आशंका में साथी जब राम सिंह के कमरे पर पहुंचे तो उनको सुसाइड की जानकारी हुई। पुलिस ने मामले की छानबीन की शुरू की तो कमरे में एक सुसाइड नोट मिला। उस पर लिखा था कि एक महिला मुझे ब्लैकमेल कर रही है। वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपए मांगती है। इससे परेशान होकर मैं सुसाइड कर रहा हूं। उसी सुसाइड नोट में महिला का मोबाइल नंबर भी लिखा था।

अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

इस मामले में राम सिंह के बेटे विपिन ने अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज कराया। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने जब छानबीन की तो एक महिला के बारे में जानकारी मिली। वह बस्ती, कोतवाली एरिया के मालवीय नगर रोड में रहती थी। सोमवार को साइबर सेल की मदद से पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली घूमने गई थी। 29 अगस्त को गोरखधाम एक्सप्रेस से लौट रही थी। कोच नंबर ए वन में उसकी मुलाकात हरियाणा से लौट रहे रामसिंह से हुई। दोनों कोच में अकेले थे। इस दौरान उसने रामसिंह से दोस्ती कर ली। तभी उनके साथ अपना वीडियो बना लिया। बाद में राम सिंह से उसने बातचीत शुरू कर दी। फिर वीडियो दिखाकर रुपए मांगने लगी। लेकिन कितने रुपए मांग रही थी। इस बात की जानकारी देने से बचती रही।

पति से अलग रहती है आरोपित महिला

गिरफ्तार महिला का 18 साल का बेटा है। वह अपने पति से अलग मायके में रहती है। महिला की शादी दिल्ली में हुई थी। लेकिन दो साल बाद ही पति से दूरी बन गई। फिर भी अक्सर किसी न किसी काम से दिल्ली जाया करती थी। 29 अगस्त को भी वह अकेली लौट रही थी। ट्रेन में राम सिंह से पहले दोस्ती की। बस्ती में ट्रेन से उतरकर वह घर चली गई। इसके बाद उसने एयरफोर्स कर्मचारी को फोन करना शुरू कर दिया। पुलिस का कहना है कि महिला के खिलाफ इलेक्ट्रानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं।

वर्जन

आरोपित महिला को अरेस्ट कर लिया गया है। उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं। उसके ब्लैकमेल करने की हरकत से आजिज आकर एयरफोर्स कर्मचारी ने जान गंवा दी।

मनोज कुमार राय, इंस्पेक्टर, कैंट

Posted By: Inextlive