- गोला के बारानगर में अचानक बढ़ गई घटनाएं

- मां कालिका स्थान पर पूजा करने गई थीं महिलाएं

GORAKHPUR: गोला एरिया के बारानगर में मां कालिका स्थान मंदिर पर रविवार की सुबह उचक्कों ने दो महिलाओं की चेन चुरा ली। शोर शराबा होने पर लोगों ने संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। उसकी पिटाई करके पुलिस को सौंप दिया। पीडि़त परिवार और अन्य लोगों ने संदिग्ध महिला पर चेन चुराने का शक जताया। उससे पूछताछ करके पुलिस चेन चोरों तक पहुंचने की कोशिश में लगी है।

दो चेन ले गए उचक्के

खजनी एरिया के उनौला, भैंसा निवासी स्व। राममूरत की पत्‍‌नी हंसराजी मंदिर पर कढ़ाही चढ़ाने गई थीं। जिगिनाबुजुर्ग बनगांव निवासी शैलेंद्र के डूबने की सूचना पर वह नदी किनारे चली गई। लोगों की भीड़ के बीच से किसी उनके गले से सात ग्राम सोने की चेन उड़ा दी। हंसराजी ने शोर मचाया तो मालूम हुआ कि गोला क्षेत्र के नवली निवासी दीनानाथ पांडेय की पत्‍‌नी पदमावती के गले से भी चेन चोरी हो गई हैं। मंदिर में दर्शन करने के दौरान किसी ने उनके गले से चेन उड़ा दी। चेन चुराने के शक में महिलाओं ने एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। वह अपने बारे में जानकारी देने से कतराने लगी। नाम-पता गलत बताने की आशंका में लोगों ने संदिग्ध महिला को छनौटे से पीट दिया। पुलिस पहुंची तो उसे अपने साथ ले गई।

पहले भी हो चुकी है वारदातें

मंदिर पर जुटे श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर पर चेन कटने की घटनाएं बढ़ गई है। एक माह के भीतर उचक्कों ने 15 महिलाओं के गले से चेन चुरा ली है। रविवार को मंदिर पर ज्यादा भीड़ होने से उचक्के सक्रिय रहते हैं। पिछले हफ्ते में रविवार को बारानगर निवासी इमलावती के गले से चोरों ने सोने की चेन चुरा ली थी। लोगों ने गांव के एक युवक पर शक जताया। पुलिस को बताया कि जब से वह गांव में आया है। तभी से चेन चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। उधर चेन चुराने के आरोप में पकड़ी गई महिला के पास से कोई चेन नहीं बरामद हुई।

Posted By: Inextlive