- दहेज और दुष्कर्म प्रकरण को लेकर बेलघाट थाने की शिकायत लेकर पहुंची महिला

- मुख्यमंत्री ने कप्तान से कहा, जांच कराइए, दोषी मिले तो एसओ पर तत्काल कार्रवाई करिए

GORAKHPUR: गोरखनाथ मंदिर के ¨हदू सेवाश्रम में गुरुवार की सुबह आयोजित मुख्यमंत्री का जनता दर्शन कार्यक्रम पुलिस महकमे के लिए दिक्कत भरा रहा। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने वाले कई मामले आए, जिसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की त्योरी चढ़ी रही। इस दौरान कई बार मुख्यमंत्री पुलिस कप्तान को चेतावनी देते नजर आए।

पति पर ही कर दर्ज कर दिया मुकदमा

जनता दर्शन की शुरुआत में ही दहेज उत्पीड़न का मामला लेकर पहुंची एक महिला ने बेलघाट थानेदार पर आरोप लगाया कि वह शिकायत लेकर थाने गई तो पुलिस ने उसके पति पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया। यह सुनकर मुख्यमंत्री बिफर पड़े। पास खड़े एसएसपी दिनेश कुमार पी से कहा कि मामले की तत्काल जांच कराएं और आरोप सही पाया जाता है तो एसओ के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें।

एसएसपी ने बताया पारिवारिक विवाद

एसएसपी ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद का है। मार्च 2020 में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने अपने देवर, जेठ व ससुर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है और उसकी देवरानी ने महिला के पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस के कुछ और मामले सामने आए तो मुख्यमंत्री ने एसएसपी से कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें कि फरियादी को थाने पर ही उचित न्याय मिल जाए। जनता दर्शन में आने की नौबत न आए। गुरुवार के जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों की फरियाद सुनी और समस्या समाधान का आश्वासन दिया।

Posted By: Inextlive