- योगी आदित्यनाथ करेंगे भगवान नरसिंह की आरती, खेलेंगे होली

- 30 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान, तैयारियां पूरी

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तत्वावधान में सोमवार को सुबह नौ बजे घंटाघर से भगवान नरसिंह की परंपरागत रंगभरी शोभायात्रा निकाली जाएगी। गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संघ के पदाधिकारियों द्वारा भगवान नरसिंह की आरती के बाद शोभायात्रा शुरू होगी जो घंटाघर, मदरसा चौक, लालडिग्गी, जाफरा बाजार बेनीगंज, आर्य नगर, बक्शीपुर, नखास चौक होते हुए पुन: घंटाघर पहुंचकर समाप्त होगी।

30 हजार के शामिल होने की उम्मीद

इस बार शोभायात्रा में अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है, क्योंकि पिछले एक साल से लोग सार्वजनिक रूप कोई त्योहार नहीं मना पाए हैं। इसलिए 30 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान लगाकर तैयारियां की गई हैं। 10 किलो रंग व पांच क्विंटल अबीर-गुलाल के अलावा दो क्विंटल गुलाब व गेंदा की पंखुडि़यां भी मंगाई गई हैं।

बड़ा होगा मंच

शारीरिक दूरी का पालन हो सके, इसे ध्यान में रखते हुए इस बार मंच की लंबाई-चौड़ाई भी बढ़ा दी गई है। मंच 30 फीट चौड़ा व 40 फीट लंबा बनाया गया है। संघ का ध्वज भी इस बार 20 फीट का होगा। ध्वज चढ़ाते समय बांसुरी की धुन व उतारते समय बिगुल गूंजेगा। सभी लोग रंग से सराबोर हो सकें, इसके लिए पांच ट्रालियों पर रंग रखा रहेगा। स्वयं सेवक पिचकारियों से लोगों पर रंगों की बौछार करेंगे। छतों से भी महिलाएं व बच्चे शोभायात्रा पर रंग फेंकेंगे। माहौल उत्सव व उल्लास से पूर्ण होगा।

-----------------------

यात्रा शुरू होने के पूर्व के कार्यक्रम

- सुबह नौ संघ का गणगीत।

- पदाधिकारियों का परिचय व सम्मान।

- ध्वजारोहण।

- प्रांत प्रचारक व क्षेत्र प्रचारक का उद्बोधन।

- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उद्बोधन।

- संघ की प्रार्थना।

- भगवान नरसिंह की महाआरती।

- सुबह 10 बजे डंका बजने के साथ रंगभरी शोभायात्रा की शुरुआत।

----------------------

संघ पदाधिकारियों ने की तैयारियों पर चर्चा

शोभायात्रा को लेकर पदाधिकारियों की बैठक रविवार को लालडिग्गी पार्क में हुई। तय हुआ कि परंपरागत रूप से पूरी भव्यता के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। समाज को संदेश दिया गया कि शोभायात्रा में किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर शामिल न हों। शोभायात्रा में नशा कर शामिल होना, नीला और काला रंग व रंग भरे गुब्बारे का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। कोविड-19 देखते हुए मास्क लगाकर ही शोभायात्रा में शामिल होना व शारीरिक दूरी का पालन अनिवार्य है। नगर निगम से घंटाघर चौक की सफाई कराने की मांग गई है। बैठक में होलिकोत्सव समिति के अध्यक्ष अरुण प्रकाश मल्ल, विभाग कार्यवाह आत्मा सिंह, संरक्षक जगदीश, नंदकिशोर, संदीप, मनोज जालान, कृतांक, मानू, गोपाल, हरिओम, आदित्य, राजेश मद्धेशिया, सेवा भारती के डा। राजेश, जयप्रकाश आदि उपस्थित थे।

Posted By: Inextlive