- मानस विहार कॉलोनी की घटना

- भागने के लिए बदमाशों ने दागी गोली

GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के मानस विहार कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने एलईडी बल्ब एजेंसी के कर्मचारी को लूट लिया। तमंचे के बल पर बदमाश 47 हजार रुपए लेकर भाग गए। घटना मंगलवार की रात करीब आठ बजे हुई। सीओ कैंट ने कहा कि बाइक सवार युवकों की तलाश की जा रही है।

एजेंसी ऑफिस के पास हुई वारदात

गायत्री नगर, बिछिया निवासी रंजीत कुमार मिश्रा ने एलईडी बल्ब की एजेंसी ली है। उनका ऑफिस मानस विहार कॉलोनी में है। महराजगंज जिले के बरगदवां, पुरंदरपुर निवासी अतुल शाही कर्मचारी है। वह दाउदपुर स्थित अपनी ससुराल में रहकर कंपनी का काम करता है। मंगलवार की रात करीब आठ बजे कलेक्शन करके अतुल ऑफिस जा रहा था। मानस विहार कॉलोनी में ऑफिस से कुछ दूरी पर बदमाशों ने उसे घेर लिया।

भागने के लिए दागी दो गोली

बाइक सवार हेलमेट पहने बदमाशों ने अतुल से रुपए मांगे। पिस्टल देखकर उसकी हालत खराब हो गई। वसूली का 47 हजार रुपए छीनकर बदमाशों ने गाड़ी मोड़ ली। बदमाशों की नीयत भांपकर मोहल्ले के लोग आगे बढ़ने लगे। पकड़े जाने से बचने के लिए बदमाशों ने दो फायर किया। गोली चलने से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। नकदी लूटकर बदमाश फरार हो गए। अतुल की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अतुल ने बताया कि पीछे बैठे लाल शर्ट पहने बदमाश ने गोली चलाई थी।

लूट की सूचना पर जांच पड़ताल की जा रही है। बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात की है। वह काफी देर से आसपास इलाके में घूम रहे थे। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

अभय कुमार मिश्रा, सीओ कैंट

Posted By: Inextlive