- पीपीगंज, गुलरिहा थाना क्षेत्रों में हुई घटनाएं

- पंचायत चुनाव की टशन, गांवों में बढ़ा विवाद

GORAKHPUR: पंचायत चुनाव में जीत-हार की टशन का असर नजर आने लगा है। रविवार को पीपीगंज और गुलरिहा एरिया में मनबढ़ों ने जमकर उत्पात मचाया। पीपीगंज के लक्ष्मीपुर में मनबढ़ों ने चुनावी रंजिश में मारपीट की। इसके बाद घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी। गांव के लोगों ने विरोध किया तो मनबढ़ भाग निकले। उधर गुलरिहा एरिया के ठाकुरपुर नंबर दो गांव में प्रधान समर्थकों को मनबढ़ों ने दौड़ाकर पीटा। समर्थकों की बाइक और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।

चुनाव के बाद बढ़ती गई टशन

पीपीगंज के लक्ष्मीपुर निवासी छविलाल और जंतू के बीच मुकदमा चल रहा है। प्रधानी चुनाव में छविलाल और जंतू ने अलग-अलग प्रत्याशियों का समर्थन किया था। जंतू के परिचित के चुनाव जीतने से टशन बढ़ गई। रविवार की सुबह छविलाल और जंतू गांव के चौराहे पर मिल गए। दोनों के बीच कहासुनी हुई और नौबत गाली-गलौज तक पहुंच गई। लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। दोनों अपने-अपने घर चले गए। घर पहुंचने के बाद जंतू ने अपने भाई मंतू को विवाद की जानकारी दी। आरोप है कि गुस्साएं परिवार के लोग जुट गए। लोगों ने एक साथ छविलाल के घर धावा बोल दिया।

परिवार को पीटा, घर में लगाई आग

आरोप है कि जंतू उसके भाई मंतू, बेटों और भतीजों ने छविलाल के घर धावा बोल दिया। घेराबंदी करके छविलाल के घरवालों के पिटाई की। घर में रखे गेहूं के बोरे निकालकर फेंक दिया। बाइक सहित अन्य सामान को आग के हवाले कर दिया। विवाद की सूचना पर गांव के लोग जमा हो गए। लोगों के पहुंचने के पहले आरोपी फरार हो गए। लोगों ने आग बुझाकर पुलिस को सूचना दी। पीडि़त पक्ष का कहना है कि पीपीगंज पुलिस ने एनसीआर दर्ज किया। जांच पड़ताल के बाद आगजनी की धारा बढ़ाने को कही। हमले और आगजनी की घटना से छविलाल का परिवार दहशत में है।

समर्थकों को दौड़ाकर पीटा

गुलरिहा एरिया के ठाकुरपुर नंबर दो गांव में मनबढ़ों ने उत्पात मचाया। प्रधान समर्थकों को गांव में दौड़ाकर पीटा। जान बचाने के लिए समर्थक घर में छिप गए। आरोप है कि मनबढ़ उनकी बाइक, जैकेट और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। ठाकुरपुर नंबर दो निवासी जगदीश पासवान की मां चुनाव जीतकर प्रधान बनी है। उनकी पट्टीदारी के मनोज और जवाहिर उर्फ संजय रविवार की शाम चौराहे पर गए। वहां दूसरे पक्ष के समर्थक मिल गए। प्रधानी चुनाव को लेकर दोनों पक्षों में बोलठोल हो गई। पांच छह की संख्या में जुटे मनबढ़ों ने मनोज और जवाहिर को पीटना शुरू कर दिया। बचने के लिए दोनों घर में छिप गए। आरोप है कि उनकी बाइक, मोबाइल और जैकेट लेकर मनबढ़ फरार हो गए। प्रधान समर्थकों की तहरीर पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पंचायत चुनाव को लेकर सतर्कता बरतने का निर्देश थानेदारों को दिया गया है। विवाद करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसकी हिदायत प्रधान और उनके प्रतिनिधियों को भी दी गई है।

ब्रजेश सिंह, एसपी ग्रामीण

Posted By: Inextlive