- वैक्सीनेशन के लिए सुबह से बूथों पर उमड़ी लाभार्थियों की भीड़

GORAKHPUR:

कोविड वैक्सीनेशन के लिए लोगों की भीड़ बूथों पर बढ़ती ही जा रही है। इसे देखते डिपार्टमेंट ने दो दिनों से बूथों की संख्या भी बढ़ा दी है। मंगलवार को हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से सरकारी अस्पतालों में 63 बूथ बनाए गए थे, जबकि प्राइवेट हास्पिटल में सात बूथ थे। इन बूथों पर 18,978 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया है। इसमें 14,782 को पहली डोज और 4196 को दूसरी डोज लगाई गई।

वैक्सीनेशन के लिए महिला अस्पताल में सुबह छह बजे से ही लोग बूथों पर पहुंच गए थे। यही हाल संक्रामक रोग विभाग में बने बूथ का था। यहां भी जबरदस्त भीड़ रही। इसके अलावा एमआरआई बूथ पर विदेश जाने वाले लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। इन सभी बूथों पर पुलिस की टीम मुस्तैद रही। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ। एनके पांडेय ने बताया कि वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। टीका लगवाने के लिए लोग आगे आ रहे हैं। इसे देखते हुए बूथों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है। अब तक 15 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है।

बाक्स में

चार हजार की जांच में नहीं मिले कोरोना संक्रमित

मंगलवार को चार हजार नमूनों की जांच में कोई संक्रमित नहीं मिला। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। 28 जुलाई के बाद से कोई मौत भी नहीं हुई है। सीएमओ डॉ। सुधाकर पांडेय ने बताया कि जिले में अब तक 59,383 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 58,520 ने कोरोना को मात दे दी है। 848 की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस नौ रह गए हैं।

पचमा गांव में मिला एक संक्रमित कैंपियरगंज के बलुआ में मंगलवार को 120 लोगों की जांच की गई। इसके बगल के गांव पचमा का एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। यह मामला महराजगंज जिले में जुड़ेगा, क्योंकि वहां स्वास्थ्य सेवा महराजगंज की हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी के डॉ। नीरज सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमित व्यक्ति को एक सप्ताह से बुखार था। गांव में टीकाकरण भी चल रहा है। मंगलवार को 450 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया है।

Posted By: Inextlive