- सूखा राहत राशि का इंतजार करता रहा परिवार

- प्रधान ने बताया, तहसील अधिकारियों की लापरवाही से नहीं बंटी राशि

PIPRAICH: पिपराइच एरिया के ग्राम पंचायत रिठियां निवासी 60 वर्षीय भोला साहनी का शव गांव के पास पेड़ से लटकता मिला। परिजनों ने बताया कि भोला ने शुक्रवार की रात घर से करीब पांच सौ मीटर दूर गांव के दक्षिण फरेन नाला के पास गले मे रस्सी बांध पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। शनिवार को सुबह महिलाओं ने शव देखकर शोर मचाया। इसके परिजनों को जानकारी हुई। घर वालों का कहना है कि वे आर्थिक तंगी से परेशान थे। सूखा राहत राशि नहीं मिलने का जिक्र किया करते थे।

गरीब है परिवार

भोला साहनी का परिवार बेहद गरीब है। वे मनरेगा में मजदूरी कर घर का खर्च उठाते थे। कई दिनो से बीमार चल रहे थे। घर में पत्‍‌नी श्रीमती देवी, एक पुत्र सूरज साहनी समेत चार पुत्रियां हैं। तीन पुत्रियों की शादी वह कर चुके थे। चौथी पुत्री की शादी में आर्थिक तंगी आड़े आ रही थी। पत्‍‌नी से अक्सर सूखा राहत चेक न आने की बात करते थे। शुक्रवार की रात में खाना खाकर परिवार के सभी सदस्य सोने चले गये। शनिवार सुबह महिलाओं ने पेड़ पर वृद्ध के लटकने की जानकारी दी तो परिजन पहुंच कर शव को पेड़ से उतारकर घर लाए। परिजन अन्तिम संस्कार बिना पोस्टमार्टम के कराना चाह रहे थे लेकिन पुलिस के समझाने के बाद मान गये। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।

मृतक की पत्‍‌नी की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के अनुसार सुसाइड की वजह आर्थिक तंगी है।

- अंजनी श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष

सूखा राहत कोष में राशि आ गई है। सूची में भोला साहनी का नाम भी था लेकिन तहसील के अधिकारियों की लापरवाही के कारण राशि अभी तक नहीं मिली।

- संजय पटेल, प्रधान, रिठिया

Posted By: Inextlive