बुजुर्ग महिला के मर्डर के शामिल पांच आरोपित अरेस्ट

शाहपुर, रामजानकी नगर मोहल्ले में हुई थी घटना

प्रॉपर्टी को लेकर मां काफी परेशान करती थी। रोजाना झगड़ती रहती थी। समझौते के बाद मां जब बहन और भांजे को लेकर आई तो हमलोगों ने उनकी हत्या की योजना बना ली। कई दिनों से मौका तलाश रहे थे। गुरुवार दोपहर पत्नी को लेकर ससुराल चला गया। वहां से लौटकर आया तो दोस्त गोलू को साथ लेकर घर गया। गोलू ने ही भांजे नैतिक का गला दबाया। हम लोगों ने समझा कि वह मर गया है। इस बीच मैंने मां को चाकू घोंप दिया। लेकिन तब तक नैतिक उठकर खड़ा हो गया। फिर गोलू और हमने उसे चाकुओं से गोद दिया। इसके बाद हम लोग बाइक से चले गए। बगल की दुकान में पिता बैठे थे। गुरुवार को रामजानकी नगर मोहल्ले में बुजुर्ग महिला और उनके 12 साल के नाती के मर्डर में पकड़े गए मुख्य आरोपित विशाल सिंह ने यह कहानी सुनाई।

उसने पुलिस को बताया कि मां और पिता के बीच विवाद चल रहा था। मां चाहती थी कि बहन को भी हिस्सा मिले। मुकदमे में समझौता होने के बाद भी वह परेशान कर रही थी। जिस तरह से मां हमलोगों को परेशान करती रहती थी। उसी तरह से बड़ा होकर भांजा भी प्रॉब्लम बन जाता। इसलिए उसे भी मारना पड़ा। हमारी योजना में पत्नी रंजना, पिता वीरेंद्र सिंह और हमारे साले बीएन सिंह की सहमति थी। यह सब कुछ बताते हुए विशाल के चेहरे पर कोई शिकन नहीं नजर आई। शुक्रवार को पुलिस ने शाहपुर के रामजानकी नगर मोहल्ले में हुई बुजुर्ग महिला चंदा देवी और नाती नैतिक के मर्डर का पर्दाफाश किया। एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों को अरेस्ट कर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है।

घंटों इंतजार के बाद पिता ने दी सूचना

गुरुवार शाम करीब सात बजे पुलिस को डबल मर्डर की जानकारी मिली। रामजानकी नगर मोहल्ला निवासी रिटायर रेलवे कर्मचारी वीरेंद्र सिंह ने डॉयल 122 पर बताया कि उनकी पत्नी चंदा देवी और नाती नैतिक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। डेड बॉडी कमरे में पड़ी है। एसएसपी, एसपी सिटी, एसपी क्राइम, सीओ गोरखनाथ, एसएचओ शाहपुर पहुंचे। तब पता लगा कि जिनका मर्डर हुआ है उनका छह साल से पति से विवाद चल रहा था। करीब एक हफ्ते पूर्व समझौता होने पर अपनी बेटी सोनी सिंह के बेटे नैतिक के साथ पति के मकान में आधे हिस्से में रह रही थीं। घटना के समय महिला का बेटा गायब था। जबकि, घर के बाहर घंटों बैठे रहे महिला के पति ने शाम सात बजे पुलिस को सूचना दी। तत्काल यह बात समझ में आ गई कि मर्डर में घर के लोगों का हाथ है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पड़ताल की तो महिला का बेटा विशाल सिंह अपने दोस्त जंगल हकीम नंबर एक, तेलिया टोला, मोहनापुर निवासी गोलू विश्वकर्मा संग बाइक से जाते हुए नजर आया। इसके बाद वह एक बार अकेले भी घर आया। इसके पहले वह पत्नी संग कहीं गया था। बाद में भी उसका पता नहीं चला। करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने विशाल सिंह को खोजकर पकड़ लिया। उसने पुलिस को बता दिया कि मां और भांजे का मर्डर उसने गोलू संग मिलकर किया। योजना में पत्नी, पिता और उसके साले मानस विहार कालोनी निवासी बीएन सिंह भी शामिल रहे।

फुट प्रिंट के सहारे सजा दिलाएगी पुलिस

एसएसपी ने बताया कि कमरे में काफी ब्लड फैला था। इसलिए आरोपियों के फुट प्रिंट भी मिले हैं। साइंटिफिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी। फुट प्रिंट से घटना में शामिल आरोपियों के हैं। घटना में यूज चाकू, खून से सने हुए कपड़े और बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है। एसएसपी ने एसएचओ शाहपुर सुधीर सिंह, एसएसआई शोभनाथ यादव, एसआई मदन मोहन मिश्रा, स्वाट प्रभारी सादिक परवेज, एसओजी प्रभारी चंद्रभान सिंह सहित पूरी पुलिस टीम को बधाई देते हुए इनाम की घोषणा की।

12 घंटे के भीतर पुलिस ने घटना का पर्दाफाश किया। शाम सात बजे से लेकर पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में लगी रही। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को अरेस्ट किया गया है। उनके खिलाफ साइंटिफिक एविडेंस जुटाए गए हैं।

जोगेंद्र कुमार, एसएसपी

Posted By: Inextlive