- पीपीगंज एरिया के हरपुर, बनकटवा की घटना

- त्योहार करीब आने पर एक्टिव हो जाता है गैंग

GORAKHPUR: त्योहार करीब आते ही एक बार फिर जिले में टोना-टोटका के नाम पर लोगों को ठगने वाला एक गैंग एक्टिव हो गया है। इसी क्रम में घर के लोगों की परेशानियां दूर करने का टोटका करने के नाम पर जालसाजों ने एक परिवार को चूना लगा दिया। टोना-टोटका के चलते गड़बड़ी का हवाला देकर घर में रखे कीमती गहने उड़ा दिए गए। घटना बुधवार को पीपीगंज एरिया के हरपुर, बनकटवा टोला में हुई। गुरुवार को पीडि़त परिवार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पीपीगंज पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

दोपहर में आया अंजान व्यक्ति

हरपुर के बनकटवा निवासी राधे सिंह के बेटे बब्बू सिंह बुधवार को काम से बाहर गए थे। घर पर उनकी मां और पत्नी थीं। दोपहर करीब तीन बजे एक अंजान व्यक्ति घर पर पहुंचा। उसने परिवार की महिलाओं को बरगलाना शुरू कर दिया। बातों-बातों में घर में गड़बड़ी से परिवार के लोगों के परेशान होने का हवाला दिया। कई समस्याओं के सामने आने पर महिलाओं को उस पर यकीन हो गया। युवक ने झाड़फूंक के जरिए समस्याएं दूर करने का झांसा दिया। उसने घर के सारे गहने निकालकर लाने को कहा। शुरू में तो परिवार की महिलाएं हिचकीं लेकिन समस्याओं के दूर होने के फेर में कीमती गहने और नकदी लेकर आ गई।

अचेत कर ले गया गहने

महिलाओं को झांसा देकर युवक ने पूजापाठ शुरू कर दिया। झाड़फूंक के बहाने महिलाओं को कोई नशीला पदार्थ खिलाकर अचेत कर दिया। उनके अचेत होने पर जालसाज सारा सामान समेटकर फरार हो गया। थोड़ी देर बाद महिलाओं की नींद खुली तो ठगे जाने का अहसास हुआ और वे रोने लगीं। आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोग आ गए। बब्बू सिंह घर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। गुरुवार को उनके पिता राधे सिंह ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।

Posted By: Inextlive