गोला एरिया में बुधवार को हुई घटना, पुलिस को दी तहरीर

GORAKHPUR: गोला एरिया के घरावल गांव में बुधवार की दोपहर ज्वैलरी चमकाने का झांसा देकर जालसाज गहने लेकर फरार हो गया। जालसाजी के शिकार शिशुपाल ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक बाइक पर पहुंचे दो सवार

जानकारी के अनुसार गोला के हड़वापार के घरावल गांव निवासी शिशुपाल गौड़ वर्तमान समय में मकान बनवा रहे हैं। बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। युवकों ने कहा कि हम लोग पीतल व सोने के सामान चमका देंगे। इसके बाद शिशुपाल ने पीतल का बर्तन साफ कराया। विश्वास होने के बाद उन्होंने जालसाजों के मांगने पर शिशुपाल ने सोने की चेन व अंगूठी भी चमकाने के लिए दे दी। जालसाजों ने पहले उनकी बहू से हल्दी मंगवाया। इसके बाद एक प्लास्टिक के पैकेट में गुलाल डालकर उसमें कुछ पत्थर के छोटे टुकड़े को डाल दिए। कहा कि इसे पानी में रख दीजिए। कुछ देर बाद जेवरात में चमक आ जाएगा। इसके बाद दोनों फरार हो गए। शिशुपाल की बहू जब पैकेट फाड़ कर देखा, तो उसमें पत्थर के टुकड़े थे लेकिन जेवरात गायब थे।

--------

सक्रिय हुए जेवरात गायब करने वाले

जिल में एक बार फिर चमकाने का झांसा देकर जेवरात उड़ाने वाले सक्रिय हो गए हैं। कुछ माह पहले जिले के पीपीगंज, कैंपियरगंज, खोराबार, खजनी, गगहा, तिवारीपुर इलाके में लगातार कुछ गिरोह के सदस्य सक्रिय थे। गिरोह के सदस्यों ने कई घटनाओं को अंजाम दिया था। कुछ सदस्यों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तस्वीर जारी कर सूचना देने वाले को इनाम की घोषणा हुई थी। इसके बाद खोराबार पुलिस ने छह से सात जालसाजों को अरेस्ट कर घटनाओं का खुलासा किया था। गिरोह के अधिकांश सदस्य दूसरे जिलों व प्रदेश के थे। तब से इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगा था। अब गोला की घटना के बाद गिरोह के सदस्य एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहे हैं।

Posted By: Inextlive