शाहपुर एरिया में हुई घटना, पुलिस कर रही जांच

शुक्रवार रात पूर्व प्रधान को कराया गया था एडमिट

GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के रेल विहार स्थित एक नर्सिग होम में पूर्व प्रधान के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पूर्व प्रधान के बेटे निवर्तमान प्रधान नरेंद्र बहादुर यादव ने शाहपुर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

लापरवाही पर किया हंगामा

पिपराइच एरिया के भटहट, सोहसा निवासी 65 वर्षीय पूर्व प्रधान राम ललित यादव की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उनको रेलवे विहार के अस्पताल ले गए। ब्लीडिंग होने पर दो यूनिट ब्लड भी चढ़ाया गया। शनिवार सुबह करीब छह बजे हालत गंभीर बताकर डॉक्टरों ने मरीज को एंबुलेंस से रेफर कर दिया। परिजनों ने दो जगहों पर दिखाया तो डॉक्टरों ने मृत बताया। इसके बाद पूर्व प्रधान के परिजन नर्सिग होम पहुंचकर हंगामा करने लगे। बेटे ने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही से उनके पिता की तबियत बिगड़ी थी। तहरीर लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

वर्जन

इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है।

संतोष कुमार सिंह, एसएचओ, शाहपुर

Posted By: Inextlive