- गगहा एरिया की घटना, पुलिस कर रही आरोपित की तलाश

- घटना की जांच के लिए एडीजी आफिस से भेजी जाएगी टीम

GORAKHPUR:

गगहा एरिया के भलुआन में पिता की पिटाई का वीडियो बना रही बेटी को मनबढ़ ने गोली मार दी। घटना शुक्रवार देर रात हुई। गंभीर हाल में किशोरी को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। शनिवार शाम किशोरी का ऑपरेशन किया गया। उधर, इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एडीजी आफिस से एक टीम भेजकर एडीजी ने जांच कराने का निर्देश भी दिया। एडीजी ने कहा कि ऑपरेशन तमंचा अभियान के दौरान गोली चलनी बंद हो गई थी। अचानक यह मामला सामने आया है। ऐसे में हमलावर के पास कहां से तमंचा आया। इस बिंदु पर जांच की जाएगी।

चार लोगों ने खुलवाया दरवाजा, बुलाकर लगे पीटने

बांसगांव कचहरी में काम करने वाले भलुआन निवासी राजीवनयन सिंह और विजय प्रजापति के बीच रुपए को लेकर विवाद था। विजय के पिता से कहासुनी होने पर राजीवनयन सिंह ने देख लेने की धमकी भी दी थी। शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे परिवार के लोग सो रहे थे। उसी समय दो बाइक पर सवार चार लोग पहुंचे। उन लोगों ने दरवाजे पर नॉक करके बुलाया। रात में किसी के आने पर राजीवनयन सिंह ने दरवाजा खोल दिया। बाहर निकलते ही बाइक सवार लोगों ने उनको पीटना शुरू कर दिया।

पेट में तमंचा सटाकर मारी गोली, हो गए फरार

शोर सुनकर राजीवनयन की बेटी काजल (16) भी आ गई। उसने पिता की पिटाई का मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। उसके वीडियो बनाने से नाराज होकर पिता को पीट रहे मनबढ़ ने काजल के पेट में तमंचा सटाकर गोली दाग दी। गोली चलने पर आसपास के लोग भी आ गए। उन लोगों ने काजल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपित विजय प्रजापति अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

वर्जन

घटना की छानबीन की जा रही है। गंभीर हाल में युवती को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की तलाश में पुलिस टीम लगी है।

अमित दुबे, एसएचओ, गगहा

Posted By: Inextlive