GORAKHPUR: सड़कों पर घूमने वाले दुधारु पशुओं पर नियंत्रण के लिए नगर निगम पशुपालकों पर शिकंजा कसने जा रहा है। इसके लिए प्लान तैयार किया गया है। डेयरी के दुधारु पशु अगर सड़क पर घूमते मिलेंगे तो डेयरी को सील कर दिया जाएगा। फिलहाल निगम शहर में स्थित डेयरियों की वार्डवार सूची तैयार कर रहा है। नगर निगम ने यूपी नगर निकाय अपदूषण पशुओं का नियंत्रण व नियमन नियमावली का पूरी तरह पालन शुरू कर दिया है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं का विचरण निषिद्ध कर दिया गया है। पशु पालकों तथा डेयरी संचालकों को अब खुद घोषणा पत्र भी देना होगा। इसमें पशुओं की संख्या की जानकारी के साथ ही यह भी बताना होगा कि वे पशुओं को खुला नहीं छोडेंगे। कई पशु पालक अपने पशु और बछड़ों को सड़क पर छोड़ देते हैं जो बड़ी समस्या का कारण बन रहे हैं। ऐसे में सभी पशु पालकों से यह सुनिश्चित कराया जाएगा कि वे बछड़ों को भी बांध कर रखें तथा उनके चारा की व्यवस्था करें। मेयर सीताराम जायसवाल ने बताया कि बेसहारा पशुओं को कान्हा उपवन और गोला भेजने के बाद अब सड़कों पर घूम रहे दुधारु पशुओं पर नियंत्रण जरूरी हो गया है। पालतू पशुओं को बांध कर रखने की जिम्मेदारी पशु पालकों की है इसलिए वे पशुओं को खुला न छोड़ें। फिलहाल पशुओं की टैगिंग कराई जा रही है और पशु पालकों को चेतावनी भी दी जा रही है। पालतू पशु सड़क पर घूमते पाए गए तो पशुपालकों से जुर्माना वसूल किया जाएगा। पहले जुर्माने की राशि पांच हजार थी। अब इसे बढ़ाकर दस हजार कर दिया गया है।

Posted By: Inextlive