- जिले में महिला अपराधों की नहीं हो पा रही रोकथाम

- रेप, छेड़छाड़ की घटनाओं से महसूस कर रहीं अनसेफ

जिले में शोहदों की हरकत से बेटियों का घर से निकलना दूभर हो गया है। रोजाना किसी न किसी जगह पर शोहदे बेटियों को परेशान कर रहे हैं। रेप और छेड़छाड़ के मामलों की शिकायतों को थानेदार गंभीरता से नहीं ले रहे। सूचना मिलने पर एसएसपी कार्रवाई का निर्देश दे रहे तब पुलिस हरकत में आ रही है। बीते 24 घंटे के भीतर दो जगहों से रेप की घटनाएं सामने आईं। गोला एरिया में बाइक सवारों ने किशोरी का अपहरण कर उसके साथ गैंग रेप किया। चौरीचौरा में एक किशोरी संग रेप और पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।

औसतन हर दूसरे दिन होती बदसलूकी

महिलाओं के साथ होने वाले अपराध को रोकने के लिए शासन की स्पष्ट गाइड लाइन है। बावजूद इसके जिले में शोहदों की हरकतों पर कोई लगाम नहीं कस पा रही। पुलिस रिकार्ड के अनुसार, जिले में औसतन हर दूसरे दिन कोई न किशोरी, युवती या फिर महिला शोहदों की बदसलूकी की शिकार होती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाती है। महिलाओं और बच्चों के साथ होने वाले अपराध में किसी तरह की लापरवाही नहीं की जा रही है। यदि किसी थानेदार या चौकी प्रभारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी एक्शन लिया जाता है।

दो दिन में सामने आई तीन घटनाएं

केस एक: अपहरण कर किशोरी से गैंग रेप

गोला एरिया में बाइक सवार दो युवकों ने एक किशोरी का अपहरण कर रेप किया। शुक्रवार रात किशोरी अपने घर के सामने हैंडपंप पर पानी भरने गई। तभी आरोपियों ने उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। मोहल्ले से दूर पोखरे के पास ले जाकर उसके साथ रेप किया। अचेत होने पर छोड़कर फरार हो गए

केस दो: मनबढ़ों ने जमकर मचाया उत्पात

चौरीचौरा एरिया में शुक्रवार रात मनबढ़ों ने किशोरी के घर पर चढ़कर उत्पात मचाया। मोहल्ले की एक किशोरी के साथ बगल में रहने वाला शोहदा छेड़छाड़ करता था। परिजनों ने उसका विरोध किया तो वह कुछ युवकों के साथ किशोरी के घर पहुंच गया। पब्लिक के विरोध करने पर शोहदा और उसके साथी भागे।

केस तीन

किशोरी से रेप कर हुआ फरार

एक अन्य घटना चौरीचौरा एरिया में हुई। किशोरी के साथ रेप करके आरोपित फरार हो गया। किशोरी की सूचना पर परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। आरोपित ने किशोरी को फोन कर घर से बाहर बुलाया। उसके घर से निकलते ही अपहरण कर सुनसान जगह पर ले गया। उसके साथ रेप कर भाग निकला।

पिपराइच में किशोरी ने आग लगाकर कर ली खुदकुशी

0 अगस्त को पिपराइच एरिया में दिल दहला देने वाली घटना हुई। शोहदे की हरकत से तंग आकर एक किशोरी ने आग लगाकर जान दे दी। घटना के दिन किशोरी कहीं से लौट रही थी। तभी रास्ते में मिले शोहदे ने उसके साथ छेड़छाड़ की। उसकी हरकत से परेशान होकर किशोरी ने जान दे दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपित युवक, उसके मां-बाप को अरेस्ट कर जेल भेजा। पुलिस का कहना था कि पूर्व में किशोरी, उसके परिजनों ने कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई थी।

सहजनवां में दो युवकों ने अपहरण कर किया रेप

पिपराइच की घटना में पुलिस आरोपियों को अरेस्ट कर पाती। इसके पहले सहजनवां में एक किशोरी संग गैंग रेप मामला सामने आया। एक मोहल्ले की किशोरी किसी काम से घर से बाहर निकली। तभी बाइक सवार युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। उसे बाग में ले जाकर दोनों ने रेप किया। रोती-बिलखती किशोरी घर पहुंची तो उसके पैंरेट्स को घटना की जानकारी हुई।

महिला अपराधों की रोकथाम के ये इंतजाम

शोहदों पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी ने हर थाने पर एंटी रोमियो स्क्वाड का गठन किया है। टीम में एक दरोगा, दो महिला सहित चार कांस्टेबल शामिल हैं। लॉकडाउन के पूर्व तक चले अभियान में एंटी रोमियो स्क्वाड ने ग‌र्ल्स कॉलेज, कोचिंग सेंटर के आसपास मंडराते मिले करीब 20 हजार लोगों को वार्निग देते हुए व्हाईट कार्ड जारी किया था। ब्लैक स्पॉट पर पकड़े गए शोहदों को रेड कार्ड थमाया गया। कुछ लोगों के परिजनों को बुलाकर पुलिस ने चेतावनी दी। इस टीम के अलावा महिला थाना की इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम गश्त करती है। नारी शक्ति दल की ड्यूटी भी लगाई जाती है। बावजूद इसके घटनाओं की रोकथाम नहीं हो पा रही।

चिन्हित किए गए थे ब्लैक स्पॉट

कोतवाली- 06

कैंट - 12

खोराबार - 05

तिवारीपुर 07

राजघाट 08

शाहपुर 08

गोरखनाथ 05

गगहा 03

उरुवा 02

गोला 04

सिकरीगंज 05

बेलघाट 05

बांसगांव 03

खजनी 03

बड़हलगंज 04

बेलीपार 05

हरपुर बुदहट 05

सहजनवां 02

चौरीचौरा 06

गुलरिहा 05

पीपीगंज 03

गीडा 04

कैंपियरगंज 04

चिलुआताल 05

पिपराइच 05

झंगहा 04

2019 में हुए क्राइम

रेप 75

शीलभंग 258

अपहरण 300

फब्ती कसना 13

महिलाओं के साथ होने वाले किसी तरह के अपराध की सूचना पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है। ऐसे मामलों की नियमित समीक्षा की जाती है। हाल में जो भी घटनाएं सामने आई हैं। उनमें एफआईआर दर्ज करसख्त कार्रवाई की गई है। आरोपितों को सजा दिलाने के लिए कोर्ट में विशेष तौर पर पैरवी की जा रही है।

डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी

Posted By: Inextlive