- शहर के बाहर पुलिस पर भारी पड़ने लगे शातिर बदमाश

- लूट को अंजाम देकर बढ़ा रहे मुसीबत, तलाश में हांफे थानेदार

जिले के आउट स्कर्ट एरिया में लुटेरों की धमक ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। साउथ और नार्थ एरिया में हाल के दिनों में सामने आई लूट की वारदातों में शामिल शातिरों की तलाश में पुलिस हांफने लगी हैं। रोजाना बदमाशों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को धता बताकर बदमाश लूटपाट को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनाओं की सूचना पर छानबीन चल रही है। जल्द ही बदमाशों को अरेस्ट कर लिया जाएगा। सितंबर माह में 10 दिनों के भीतर हुई घटनाओं में शामिल संदिग्धों के बारे में पुलिस को सही जानकारी नहीं मिल सकी है।

बाहरी इलाकों में तेजी से हुए एक्टिव

बदमाशों पर शिकंजा कसने का निर्देश एसएसपी ने दिया है। थानों की पुलिस जी- जान से पेशेवेर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है। शातिर बदमाशों, लुटेरों, फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान रोजाना थानेदार चला रहे हैं। तमंचा, चोरी की बाइक, अवैध गांजा, घरों में चोरी के सामान सहित अन्य मामलों में बदमाशों की गिरफ्तारी भी खूब हो रही। लेकिन इसके बाद भी पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए बाइक सवार बदमाश नकदी लूटकर फरार हो जा रहे हैं। सूनसान और बाहरी इलाकों में एक्टिव बदमाशों की हरकतें बढ़ती जा रही हैं। माना जा रहा है कि लॉक डाउन के दौरान के पब्लिक की आवाजाही नहीं थी। फाइनेंसियल वर्क भी नहीं हो पा रहा था। इसलिए बदमाशों की सक्रियता सामने नहीं आई। फुल अनलॉक होने पर बाहरी इलाकों में बदमाश तेजी से एक्टिव हो गए हैं।

मैनेजर से लूट में नहीं मिला कोई सुराग

चिलुआताल एरिया में शुक्रवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के मैनेजर को तमंचा दिखाकर लूटपाट की थी। बलिया, रसड़ा के गौरा चौर का सतीश यादव एक फाइनेंस कंपनी में मैनेजर है। उसकी कंपनी का ब्रांच ऑफिस पीपीगंज में खुला है। शु्क्रवार की दोपहर वह बाइक से कलेक्शन करके लौट रहा था। बजरहां से उसका जाते समय रास्ते में बंधे पर मिले बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसे रोक लिया। उसे पीटकर बंधे से नीचे धकेलकर बाइक की चाबी निकाल ली। डिक्की में रखी एक लाख 40 हजार रुपए नकदी लेकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस की अलग- अलग टीमें तेजी से जांच पड़ताल कर रही है। लेकिन करीब 24 घंटे के बाद भी पुलिस कोई सुराग नहीं मिल सका है।

पुल पर तमंचा दिखाकर लूटी बाइक

गुरुवार की रात गोला एरिया के पकड़ी में बदमाशों ने लूट की। पकड़ी पुल के पास बाइक से घर जा रहे कोड़री निवासी सोनू पाठक को बाइक सवार दो शातिरों ने रोका। वह कुछ समझ पाते इसके पहले थप्पड़ मारने लगे। उनकी जेब टटोलकर बाइक लेकर भाग गए। रात में हुई घटना की जानकारी सोनू ने पुलिस को दी। जांच में पहुंचे कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने पीडि़त युवक से जानकारी लेकर बदमाशों को जल्द ही अरेस्ट करने की बात कही। लेकिन बाइक लूटने वालों के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।

बैंक से लौट रही महिला सहित दो के साथ हुई लूट

बाइक सवार बदमाशों के निशाने पर बैंक से लौट रहे लोग भी हैं। तीन सितंबर को कैंट एरिया के इंजीनियरिंग कॉलेज के पास युवक के हाथ से 35 हजार रुपए लूटकर बदमाश हो गए। वह बैंक में नकदी जमा कराने गया था। तभी उसे दो युवक मिले। दोनों ने पहले उसे झांसा दिया। लेकिन युवक जब उनकी बातों में नहीं आया तो झपट्टा मारकर बदमाश फरार हो गए। इसके पहले दो सितंबर को चिलुआताल एरिया में बैंक से लौट रही महिला के हाथ झोला छीनकर बाइक सवार बदमाश भागे थे। बरगदवां के पास बैंक से 30 हजार रुपए निकालकर महिला पैदल ही घर लौट रही थी।

ये बरतें सावधानी

- अनलॉक में बदमाशों की गतिविधियां बढ़ी हैं। इसलिए संदिग्धों के बारे में पुलिस को सूचना दें।

- बैंक से रुपए का लेनदेन करने पर पूरी गोपनीयता बरतें। किसी अंजान व्यक्ति से कोई बातचीत न करें।

- बैंक परिसर, बैंक के बाहर कोई अधिक रुपए होने की बात कहकर गड्डी थमाए तो उसकी बातों में न आएं।

- यदि कोई गड्डी थमाने का प्रयास करें तो शोर मचाकर आसपास के लोगों को जरूर बताएं जिससे वह पकड़ा जा सके।

- रुपए निकालकर घर लौटते समय उसे सावधानी पूर्वक रखें। लापरवाही बरतने पर बदमाश घटना का शिकार बना सकते हैं।

Posted By: Inextlive