- राजघाट में दी गई अंतिम विदाई, मौजूद रहे सैन्य अफसर

- पुणे में बाइक सवार को बचाने में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था व्हीकल

GORAKHPUR: इंडियन नेवी में तैनात लेफ्टिनेंट कमांडर आशीष कुमार को मंगलवार को अंतिम विदाई दी गई। राप्ती नदी के राजघाट में डोंगरा रेजीमेंट के अफसरों और पुलिस ने अंतिम सलामी दी। 21 फरवरी को नेशनल डिफेंस एकेडमी पुणे के पास एक्सीडेंट में आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी जान चली गई। एक्सीडेंट से उनकी फैमिली में मातम पसरा हुआ है।

हादसे में घायल होने पर चल रहा था उपचार

राजघाट, हांसूपुर मोहल्ला निवासी दीपचंद कुशवाहा सब्जी कारोबारी है। उनकी तीन संतानों में दूसरे नंबर के आशीष आठ साल पहले नौ सेना में अधिकारी बने थे। छोटे भाई अश्वनी गाजियाबाद में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। दीपचंद ने बताया कि 21 फरवरी की शाम उनके पास एनडीए से अधिकारी का फोन आया। यह बताया कि लेफ्टिनेंट कमांडर आशीष कुमार हादसे में घायल हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग फ्लाइट से रवाना हो गए।

सोमवार की शाम पहुंची बॉडी, मंगलवार को अंतिम संस्कार

मुंबई होते हुए फैमिली मेंबर पुणे पहुंचे। तब जानकारी मिली कि सेना की गाड़ी से आशीष और उनके सहयोगी जा रहे थे। बाइक सवार को बचाने में एक्सीडेंट हो गया, जिससे वह घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार की शाम स्पेशल फ्लाइट से उनका पार्थिव शरीर पुणे से लखनऊ एयरपोर्ट लाया गया। मंगलवार की सुबह राजकीय सम्मान से उनको राजघाट में अंतिम विदाई दी गई।

Posted By: Inextlive