-संतकबीर नगर जिले के मेंहदावल के रहने वाले हैं विनोद

-आनंद नगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर जा रहे थे घर

GORAKHPUR: मुंबई से कमाकर घर लौट रहे एक युवक को बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार सुबह कैंपियरगंज ब्लॉक रोड पर लूट लिया। युवक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।

संतकबीर नगर जिले के मेहदावल कस्बा के रहने वाले विनोद कन्नौजिया मुंबई में नौकरी करते हैं। वह शुक्रवार सुबह आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे। यहां से प्राइवेट वाहन पर बैठकर कैंपियरगंज पहुंचे और मेंहदावल जाने वाले टैक्सी का इंतजार करने लगे। विनोद को काफी देर से खड़ा देखकर दो युवक उनके पास पहुंचे। उन्होंने विनोद से पूछा कि कहां जाना है। विनोद ने बताया कि मेंहदावल। दोनों ने विनोद को झांसा दिया कि मेंहदावल जाने के लिए ब्लाक रोड पर एक टैक्सी खड़ी है। विनोद उन युवकों के साथ ब्लाक रोड जाने लगे। कुछ ही दूर चलने पर युवकों ने उसका बैग लूट लिया और सड़क के किनारे खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। विनोद ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस से बताया कि दोनों युवकों में से एक के पास बाइक की चाभी थी। उसने बाइक स्टार्ट की और दोनों आराम से निकल गए। बताया कि लुटेरे उनके पास से 2650 रुपये , मोबाइल, राशन कार्ड, रजिस्ट्री स्टांप व अन्य सामान लूट ले गए हैं।

Posted By: Inextlive