- शनिवार की दोपहर वारदात, सात साल का बेटा था मौजूद

- जिला अस्पताल में मौत, गैर इरातदन मर्डर का केस हुआ दर्ज

`GORAKHPUR: तिवारीपुर एरिया में शनिवार की दोपहर सात साल के बच्चे के सामने पति ने पत्‍‌नी का मर्डर कर दिया। सहेली का आधार कार्ड बनवाकर लौट रही पत्‍‌नी गरदन में नुकीला रॉड घोंपकर पति फरार हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर महिला को जिला अस्पताल ले गई। लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। आरोपित पति के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज करके पुलिस छानबीन में जुटी है।

पिता और बेटे संग रहती थी रूबी

तिवारीपुर, तकियाकवलदह मोहल्ले की रूबी खातून की शादी आठ साल पूर्व पीपीगंज के टेंपो ड्राइवर राजू संग हुई थी। रूबी का सात साल का एक बेटा है। करीब तीन साल से रूबी अपने पति से अलग पिता के पास रहती है। उसके साथ ही बच्चा भी रहता था। बेटे अरशद से मिलने के लिए राजू अक्सर अपनी ससुराल में जाता था। शनिवार की दोपहर राजू अपने बेटे के पास गया। उसकी मां घर पर नहीं थी।

पत्‍‌नी को पैदल देखकर दिया हमला

टेंपो में बेटे को बैठाकर वह पत्‍‌नी रूबी की तलाश में निकल गया। कामरेड नगर के पास वह पहुंचा तभी रूबी पैदल आती हुई नजर आई। उसके साथ सहेली निशा भी थी। आरोप की राजू और रूबी के बीच सड़क पर कहासुनी होने लगी। गुस्से में आकर राजू ने टेंपो में रखा नुकीला राड निकालकर रूबी पर हमला कर दिया। उसकी गर्दन में रॉड घोंपकर फरार हो गया। निशा के हाथ से उसका मोबाइल भी छीन ले गया। बेटे और निशा के शोर मचाने पर लोग रूबी को लेकर अस्पताल गए।

पत्‍‌नी पर शक करता था राजू

पुलिस की जांच में सामने आया कि राजू को पत्‍‌नी पर शक था। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद होता था। राजू भी गोरखनाथ में किराए के कमरे में रहकर टेंपो चलाता था। रूबी की सहेली निशा ने बताया कि वह आधार कार्ड बनवाने गई थी। छानबीन में सामने आया कि पत्‍‌नी की हत्या के बाद राजू नेपाल की तरफ भागा है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

आरोपित की तलाश की जा रही है। उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जल्द ही उसे अरेस्ट कर लिया जाएगा।

आरपी सिंह, एसएचओ, तिवारीपुर

Posted By: Inextlive