पीपीगंज एरिया में हुई घटना, मोहल्ले में दहशत

- रिटायर डिप्टी ऑडिटर जनरल को बनाया शिकार

GORAKHPUR: पीपीगंज के भीटी तिवारी में रिटायर डिप्टी ऑडिटर जनरल और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर बदमाशों ने लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने रिटायर अधिकारी के सिर पर रॉड से हमला किया। असलहा दिखाकर 35 हजार रुपए नकद, एक लाख 20 हजार रुपए कीमत की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस जांच में जुटी है।

घर के बाहर पहले से खड़े थे बदमाश

भीटी तिवारी निवासी रिटायर डिप्टी ऑडिटर जनरल त्रियुगी नारायण गांव पर पत्नी संग रहते हैं। उनकी देखभाल के लिए एक भांजा साथ रहता है। उन्होंने गांव पर ही त्रियुगी नारायण मनोरमा महाविद्यालय और त्रियुगी नारायण धर्म चिकित्सालय बनवाया है। अस्पताल में पब्लिक की मदद की जाती है। शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे वह पूजा करके दीया रखने के लिए घर से बाहर निकले। तभी पहले से खड़े दो बदमाशों ने दौड़कर उन पर हमला कर दिया।

घर में ले जाकर बनाया बंधक, सटाया तमंचा

पति के शोर मचाने पर पत्नी मनोरमा भी घर से निकल पड़ीं। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति को घर में ले जाकर बांध दिया। एक ने तमंचा सटाकर शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। पति-पत्नी को बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने पूरे घर की आराम से तलाशी ली। करीब दो घंटे तक घर में एक-एक सामान टटोलने के बाद बदमाश वहां से गए। बदमाशों के भागने के बाद त्रियुगी नारायण ने अपने रिश्तेदार को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। दावा किया है कि जल्द ही बदमाशों का पता लगा लिया जाएगा।

वर्जन

तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पीपीगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही बदमाशों को अरेस्ट करके घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

डॉ। सुनील कुमार गुप्ता, एसएसपी

Posted By: Inextlive