चुनाव की अधिसूचना भले ही जारी नहीं हुई है लेकिन वार्ड आरक्षण के बाद से ही सोशल मीडिया पर पार्षदी के लिए जंग छिड़ गई है. रोज नए दावेदार सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं. इनमें युवाओं की संख्या अधिक है. पार्षदी के लिए बड़ी-बड़ी गाडिय़ों और भारी संख्या में समर्थकों का हुजूम दिखाकर लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं.


गोरखपुर (ब्यूरो)।कोई पार्टी का सहारा लेकर लोगों से जीत के लिए रिझा रहा है तो कोई खुद को दूसरों से बेहतर बता रहा है। महिला दावेदारों की तो सोशल मीडिया बाढ़ सी आ गई है। कई महिला दावेदार पति के नाम के सहारे खुद को प्रेजेंट कर रही हैं तो कई पार्टी और प्रमुख पदाधिकारियों को तरजीह दे रही हैं। अधिसूचना जल्द जारी होने की चर्चा जैसे-जैसे तेज हो रही है, वैसे-वैसे सोशल वार भी तेज हो रहा है। मॉर्डन लुक में आईं नई महिला दावेदार


सोशल मीडिया पर मॉर्डन लुक में कई महिला दावेदार पार्षद पद पर जीत के लिए लोगों से आशीर्वाद मांग रही हैं। वे वार्ड में निरंतर विकास के साथ लोगों के सुख-दुख में मदद का भरोसा दे रही हैं। इनके होर्डिंग भी वार्डों में खंभों पर लग चुके हैं। सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर बधाइयां दे रहे हैं। साथ ही पार्टी से उन्हीं को मिलने की बात कहकर हौसला भी बढ़ा रहे हैं। सोशल मीडिया पर कर रहे पोस्ट

कई दावेदार वार्डों में लोगों से दिनभर मिलकर पार्षद बनाने की गुहार लगा रहे हैं। इस दौरान होने वाली गतिविधियों को वह सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। साथ ही यहां से लोगों से निवेदन कर रहे हैं कि उन्हें भारी बहुमत से जिताएं। कई दावेदार तो ऐसे हैं जो जिन्होंने धरातल पर अभी कुछ नहीं किया, लेकिन सोशल मीडिया पर वह छाए हुए हैं। उनके समर्थक भी कम नहीं हैं। लोगों की भीड़ के साथ भी पोस्ट कर रहे हैं। महिला सीट होने पर कई की बढ़ी परेशानीमहिला सीट होने के चलते कई दावेदारों की परेशानी बढ़ गई है। वह चुनाव तो लड़ाना चाहते हैं लेकिन पत्नी, भाभी को सामने नहीं लाना चाहते हैं। ऐसे दावेदार अभी विचार विमर्श में ही फंसे हैं कि क्या किया जाए। जबकि उनके प्रतिद्वंदी दावेदार महिला दावेदार को मैदान में लाकर प्रचार प्रसार में जुट गए हैं। हालांकि उम्मीद है कि ऐसे दावेदार अधिसूचना के बाद गतिविधियां तेज करेंगे। फिलहाल अभी उनके सामने संकट बरकरार है। कई दावेदार सीख रहे पोस्ट करना

सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार करने के लिए कई दावेदार सोशल मीडिया पर पोस्ट करना सीख रहे हैं। इसके लिए वह उन लोगों का सहारा ले रहे हैं जिन्हें इसकी अच्छी तरह से जानकारी है। साथ ही वह उन्हें सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार करने का ऑफर भी दे रहे हैं। वह जानते हैं कि इससे काफी कम खर्च में उनका अच्छा प्रचार प्रसार हो जाएगा और उन्हें परेशानी भी नहीं उठानी पड़ेगी। स्कूटी की चाह पर असमंजस में पति कई महिला दावेदारों अपने पतियों से चुनाव में स्कूटी की डिमांड कर रही हैं। महिला दावेदारों का कहना है कि वह चुनाव में पैदल ज्यादा नहीं चल सकती हैं। ऐसे में उनके लिए स्कूटी की व्यवस्था की जाए। पति मान मनौव्वल भी कर रहे हैं लेकिन वह कितना कारगर हुआ यह चुनाव में ही देखने को मिलेगा। फिलहाल महिला दावेदार घर से ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी दावेदारी मजबूत कर रही हैं।

Posted By: Inextlive