- बरहुआ ट्रांसमिशन उपकेंद्र से जाने वाली लाइन में आई खराबी

- लालडिग्गी व नॉर्मल उपकेंद्रों की छह घंटे गुल रही बिजली

GORAKHPUR: बरहुआ ट्रांसमिशन उपकेंद्र से लालडिग्गी व नॉर्मल उपकेंद्रों को जाने वाली लाइन में खराबी आने से दोनों उपकेंद्र छह घंटे बंद रहे। रात तकरीबन तीन बजे बंद हुई सप्लाई नौ बजे के बाद बहाल हो सकी। बिजली न रहने से जहां उमस और गर्मी से हजारों लोग बेहाल रहे, वहीं पानी का संकट भी खड़ा हो गया। किसी तरह से लोगों ने पानी का इंतजाम कर अपनी व्यवस्था की।

सप्लाई शुरू, लेकिन उपकेंद्र बंद

मंगलवार रात अचानक आंधी शुरू होते ही बिजली निगम के अफसरों ने लाइनें बंद करा दी। हवा कम हुई तो सप्लाई शुरू की गई लेकिन लालडिग्गी और नॉर्मल उपकेंद्र तक बिजली नहीं पहुंची। उपकेंद्र बंद होने की जानकारी के बाद कर्मचारियों ने गड़बड़ी की तलाश शुरू की। इसकी जानकारी बरहुआ ट्रांसमिशन के अफसरों को दी गई। सुबह छह बजे के बाद कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर लाइन में गड़बड़ी की तलाश शुरू की, लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद अफसरों के निर्देश पर ट्रायल के तौर पर लाइन शुरू की गई तो सप्लाई बहाल हो गई।

पेड़ की डाल गिरने से बंद हुई सप्लाई

मेडिकल कॉलेज उपकेंद्र से जुड़े महादेवपुरम और अन्य कॉलोनियों में बुधवार को बिजली की आवाजाही जारी रही। अवर अभियंता कमलेश गौड़ ने बताया कि तार पर पेड़ की डाल गिरने से सप्लाई पर असर पड़ा था। डाल हटाकर सप्लाई सामान्य कर दी गई। शहर के ज्यादातर इलाकों में बुधवार को बिजली का संकट रहा।

आंधी की वजह से लाइन में खराबी आई थी। सुबह पेट्रोलिंग में भी कहीं कोई कमी नहीं मिली, तो एक बार ट्रायल के तौर पर लाइन शुरू की गई। इसके बाद सप्लाई बहाल हो गई।

- नवनीत प्रजापति, अधिशासी अभियंता, नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम

Posted By: Inextlive