- लूट और चोरी में मास्क का सहारा लेने लगे शातिर

- पुलिस की बढ़ी मुश्किलें, हांफ रहे जांच अधिकारी

GORAKHPUR:

कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हर किसी को मास्क पहनना जरूरी है। पुलिस की टीम लोगों को मास्क पहनने के लिए अवेयर कर रही है। मुंह पर मास्क न होने की दशा में पुलिस चालान भी काट रही है। लेकिन यही मास्क पुलिस के लिए पुलिस के लिए बन गए हैं। हाल के दिनों में सिटी और आसपास के एरिया में हुई लूट और छिनैती में शामिल बदमाशों ने मास्क पहन रखा था। इस वजह से पुलिस को उनकी पहचान करने में प्रॉब्लम आ रही। क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मिलकर थानों की पुलिस पड़ताल में जुटी है। लेकिन मास्क को लेकर जांच अधिकारी काफी परेशान हैं। सीनियर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। फरार बदमाशों को जल्द ही अरेस्ट कर लिया जाएगा।

फेस शील्ड पहन की लूट, पहचान नहीं पाए पीडि़त

17 जून को भीटी रावत के पास सभाजीत से लूट हुई। रात करीब नौ बजे वह अकेले बाइक से लौट रहे थे। तभी बाइक सवार तीन युवक पहुंचे। एक ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। जानमाल की धमकी देते हुए उनका मोबाइल फोन और बाइक की चाबी ले ली। सूचना पर सहजनवां पुलिस पहुंची। पूर्व में रजिस्टर्ड लुटेरों की तस्वीर दिखाकर पहचान कराने की कोशिश की। लेकिन मास्क और फेस शील्ड से बदमाशों का चेहरा ढका होने से पीडि़त सभाजीत भी बदमाशों को नहीं पहचान पाए। चेहरा ढका होने से बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। यह कोई पहली वारदात नहीं है जो मास्क पहनकर बदमाशों ने अंजाम दी हो। बल्कि लॉकडाउन में आधा दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। जिनकी वजह से पुलिस काफी परेशान है। गमछा, मास्क और फेस शील्ड पहने होने की वजह से शातिरों को पहचानना मुश्किल हो रहा है।

कोरोना ने बढ़ाई मुश्किल

- चेकिंग के दौरान पुलिस को चकमा देकर बदमाश निकल जा रहे हैं।

- मास्क और हेलमेट होने की वजह से चेहरे की पहचान करने में प्रॉब्लम आ रही है।

- पीडि़त भी आसानी से बदमाशों को नहीं पहचान पा रहे।

- इक्का दुक्का लोगों के गमछे से मुंह ढकने पर मुंह खुलवाकर पुलिस जांच कर लेती थी।

यहां भी मास्क पहनकर की वारदात

12 जून 2020 की दोपहर में गीडा एरिया में महिला से बदमाशों ने नकदी लूट ली। महिला को निशाना बनाने वाले बदमाशों के चेहरे भी मास्क से ढके हुए थे। इसी क्षेत्र में बदमाशों ने मारपीट करके राहगीर जितेंद्र शुक्ल का मोबाइल फोन लूट लिया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि बदमाशों के चेहरे मास्क से ढके हुए थे। इसलिए उन्हें पहचान नहीं सके।

11 जून 2020 की भोर में जंगल कौडि़या कालेसर फोरलेन पर बदमाशों ने लूटपाट की। पीपीगंज एरिया में पिकअप ड़ाइवर को पीटकर वाहन लूट कर फरार हो गए। सूचना देने पर पुलिस पड़ताल में जुटी तो ड्राइवर ने बताया कि बदमाशों ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था। इसलिए उनको पहचान नहीं सका।

हाल के दिनों में जितनी भी घटनाएं हुई हैं। उनमें शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम जांच पड़ताल में जुटी हैं। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी

Posted By: Inextlive