मेडिकल कॉलेज में चल रहा अज्ञात व्यक्ति का इलाज

कुसम्हीं जगल में गला रेतकर जान लेने की हुई कोशिश

GORAKHPUR: खोराबार एरिया के कुसम्हीं जंगल में विनोद वन के पास फेंके गए सीनियर सिटीजन को होश नहीं आ सका है। सोमवार को भी उनकी पहचान नहीं हो सकी। गले पर गंभीर चोट होने से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सीनियर सिटीजन का गला रेतकर जान लेने वाले युवकों संग एक महिला भी देखी गई थी। इसलिए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। माना जा रहा है कि पारिवारिक विवादों के कारण सीनियर सिटीजन की जान लेने की कोशिश हुई है।

साइकिल सवार ने दी युवकों को सूचना

कुसम्हीं जंगल में रविवार सुबह करीब 60 साल के व्यक्ति की गला रेतकर हत्या की कोशिश हुई थी। सेना भर्ती की तैयारी करने वाले रोजाना जंगल में दौड़ लगाने जाते हैं। बुढि़या माई मंदिर के रास्ते पर पश्चिम तरफ खाली पड़ी भूमि पर ही युवकों ने जिम बना रखा है। रविवार सुबह युवक वहां पहुंचे। तभी एक साइकिल सवार ने भागते हुए बताया कि कुछ लोग एक बुजुर्ग का गला रेतकर जान लेने की कोशिश कर रहे हैं। यह जानकारी मिलने पर युवक दौड़ पड़े। उनको आते देखकर हमलावर भाग निकले। युवकों की सूचना पर पुलिस ने उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घटनास्थल के पास कागज भी जलाया गया था।

डॉक्टरों के संपकर् में पुलिस

मेडिकल कॉलेज में एडमिट सीनियर सिटीजन की हालत नाजुक बनी हुई है। उनके होश में न आने की वजह से सोमवार को पुलिस कोई जानकारी नहीं जुटा सकी। हमलावरों के टेंपो से आने से इस बात का अनुमान लगाया जा रहा है कि वह कहीं आसपास के रहने वाले हैं। नंदानगर और कुसम्हीं बाजार से जंगल में जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस जानकारी जुटाने में लगी है। उधर, गंभीर व्यक्ति की हालत में सुधार होते ही पुलिस बयान दर्ज करेगी। इसलिए दरोगा लगातार डॉक्टरों के संपर्क में बने हुए हैं। पुलिस मान रही कि प्रापर्टी के विवाद में सीनियर सिटीजन का गला रेतकर जान लेने की कोशिश की गई है।

वर्जन

इस मामले की छानबीन की जा रही है। घायल के होश में आने पर बातचीत कर जानकारी ली जाएगी। नाम, पते की जानकारी मिलने पर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

सुमित शुक्ला, सीओ कैंट

Posted By: Inextlive