दोस्तों को दिखाई जहर पुडि़या, सबने समझा मजाक

जांच में वजह तलाशने में नाकाम कैंपियरगंज पुलिस

GORAKHPUR: दो किशोर दोस्तों की जहर खाने से हुई मौत के मामले में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने दावा किया है कि दोनों तीन दिनों से जहर की पुडि़या लेकर घूम रहे थे। अपने ग्रुप के दोस्तों से कहते थे कि जब मन करेगा तब खा लेंगे। इसलिए पुलिस भी उनके सुसाइड करने के दावे पर डटी है। हालांकि सुसाइड करने की वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है। एसएचओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक सिर्फ सुसाइड की बात सामने आई है।

सुसाइड के दावे पर टिकी है पुलिस

शुक्रवार सुबह गौरीपुर निवासी संतोष साहनी के बेटे इंद्रेश और विनोद साहनी के बेटे विशाल साहनी की बॉडी गांव के बाहर मिली। दोनों पुआल पर पड़े थे। बॉडी से कुछ दूरी पर चूहा मारने वाली दवा का रैपर मिला था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों गुरुवार देर शाम घर से निकले थे। मोबाइल सर्विलांस के जरिए उनके आपस में बात करने की पुष्टि भी हुई है। पोस्टमार्टम में जहर से मौत की बात सामने आई। डॉक्टरों ने जांच के लिए बिसरा भी प्रिजर्व किया। पुलिस का कहना है कि यदि उनको जबरन जहर खिलाया गया होता तो बदन पर मारपीट के निशान जरूर मिलते। दोनों के दोस्तों से हुई पूछताछ के बाद यह सामने आया कि तीन-चार दिनों से वह जहर लेकर घूम रहे थे।

वर्जन

मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक कोई वजह सामने नहीं आ सकी है। उनके अन्य दोस्तों से भी जानकारी ली गई है।

नवीन कुमार सिंह, एसएचओ

Posted By: Inextlive