- विधायक की अगुवाई में लोगों ने लगाया जाम

- पुलिस ने मांगी मोहलत, जल्द होगा खुलासा

GORAKHPUR:

बांसगांव के गोपालपुर निवासी सरताज के बेटे नागेंद्र की हत्या में पुलिस खाली हाथ है। घटना के 24 घंटे बाद तक पुलिस हमलावरों का कोई सुराग नहीं लगा सकी। घटना से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को खजनी-माल्हनपार रोड के बढ़नी चौराहा पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। खजनी विधायक संत प्रसाद की अगुवाई में सड़क पर उतरी पब्लिक ने घटना के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया। मौके पर पहुंचे दरोगा पर बदमाशों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए खदेड़ लिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने बुझाने पर करीब दो घंटे बाद जाम खत्म हुआ।

परिचितों ने दागी कनपटी पर गोली

गोपालपुर निवासी सरताज का बेटा नागेंद्र फसलों की मड़ाई करता था। गुरुवार की शाम बाइक सवार दो युवक उसके घर पहुंचे। उसको बुलाकर अपने साथ गांव के पास पुलिया पर ले गए। करीब 15 मिनट तक दोनों युवकों ने नागेंद्र से बात की। फिर उसकी कनपटी पर गोली दागकर बाइक सवार फरार हो गए। पब्लिक की मदद से सरताज को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीन भाइयों में छोटे नागेंद्र की हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।

दो घंटे ठप रहा आवागमन, पहुंचे अफसर

युवक की हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार की करीब नौ बजे खजनी के भाजपा विधायक संत प्रसाद बढ़नी चौराहे पर पहुंचे। नागेंद्र के परिजनों के साथ सैकड़ों लोग चौराहे पर जमा हो गए। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। लोगों ने कहा कि बदमाशों को पुलिस शरण दे रही है। हरनहीं चौकी पर तैनात दरोगा जगदीश यादव गंभीर आरोप लगाते हुए लोगों ने खदेड़ लिया। जाम लगने की सूचना पाकर सीओ बांसगांव और सीओ खजनी पहुंचे। क्षेत्राधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। करीब दो घंटे बाद आवागमन शुरू हो सका।

कौन ले गया नागेंद्र का मोबाइल

पब्लिक के जाम लगाने के बाद पुलिस तेजी से जांच में जुट गई। परिजनों ने किसी से कोई दुश्मनी होने से इंकार किया। लोगों ने पुलिस को बताया कि नागेंद्र काफी सीधा युवक था। उससे किसी से कोई विवाद होने की संभावना नही हैं। नागेंद्र का मोबाइल गायब होने से तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि हमलावर उसका मोबाइल लेकर फरार हो गए। इससे घटना को प्रेम संबधों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल की मदद से जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझ जाएगी।

हत्या के मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। कुछ अहम जानकारी मिली है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

राजेश भारती, सीओ बांसगांव

Posted By: Inextlive