- आधी रात से शुक्रवार सुबह तक 16 एमएम बारिश रिकॉर्ड

- शहर में लोगों को किया जा रहा रेस्क्यू

GORAKHPUR:

जिले के कई हिस्से बाढ़ और शहर जलभराव की चपेट में है। नदियों के बढ़ते जलस्तर और बारिश ने सिटी से लेकर रूरल एरिया तक के लोगों को 1998 बाढ़ की त्रासदी याद दिला दी है। हालत यह है कि नगर निगम एरिया के कई मोहल्लों में घरों में पानी घुसा है। एनडीआरएफ अलर्ट मोड पर है। गुरुवार देर रात शाहपुर इलाके के बिछिया और शक्तिनगर वार्ड में करीब 10 घरों में फंसे करीब 40 लोगों को रेस्क्यू किया गया। इनके घर पानी में पूरी तरह से डूब चुके हैं। यहां के लोगों ने बीते 48 घंटों से घर की छतों पर शरण ले रखी थी। देर रात स्थानीय पार्षद की पहल पर इन सभी को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। वहीं, शहर के सैकड़ों मोहल्ले अभी भी जलभराव की चपेट में हैं।

135 गांव डूबे, 1.50 लाख से अधिक लोग प्रभावित

चार नदियों के बढ़ते जलस्तर से 135 गांवों का जनजीवन प्रभावित है। इन गांवों में अब तक 167 नाव लगाई गई है। जिला प्रशासन के मुताबिक ग्रामीण इलाकों में बाढ़ से अब तक 1,52,250 लोग प्रभावित हुए हैं। जबकि 65,000 हेक्टेयर भूमि बाढ़ में पूरी तरह से डूब चुकी है।

घर की दीवार गिरने से महिला की मौत, बेटी घायल

अब बारिश की वजह से कई कमजोर मकान गिरने लगे हैं। शुक्रवार की सुबह पिपराइच इलाके के ग्राम सभा लखेसरा में एक घर की दीवार गिर गई। जिसमें एक 25 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 15 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल है। घायल बच्ची को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। ऐसे में जिला प्रशासन अब ऐसे इलाकों में लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाने का काम कर रहा है। अब तक 10 घरों के 40 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है।

देवरिया रोड पर दो फीट पानी

जलभराव से शहर में लोगों का बुरा हाल है। घरों में दो दिन से पानी घुसा है। गोड़धोइया नाले का पानी बहुत धीमी गति से उतर रहा है। तुर्रा नाला तक पानी ही नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं सिघडि़या इलाके में बाहर से आ रहे पानी के कारण जलस्तर में कमी नहीं आ रही है। देवरिया रोड पर शुक्रवार को दो फीट से ज्यादा ऊंचाई में पानी भरा रहा। गोड़धोइया नाला बिछिया होते हुए रामगढ़ताल में मिलता है। नाला ओवरफ्लो है। मोहल्लों की गलियों में फैली जलकुंभी भी बहाव में बाधक बन रही है। मेडिकल कॉलेज रोड के किनारे का नाला भी मुसीबत का सबब बना है।

Posted By: Inextlive