- सावन का सोमवार होने के साथ ही बन रहे हैं प्रीति, सर्वार्थ सिद्धि और आयुष्मान योग

- सुबह नौ बजकर 28 मिनट के बाद पूरे दिन राखी बांधने का मुहूर्त

GORAKHPUR: भाई-बहन के अटूट प्रेम एवं विश्वास का पर्व रक्षाबंधन आज मनाया जाएगा। ज्योतिषों के मुताबिक इस दिन रक्षाबंधन सावन के आखिरी सोमवार को पड़ रहा है। वहीं 29 साल बाद बन रहे प्रीति, सर्वार्थ सिद्धि और आयुष्मान योग इस बार के रक्षाबंधन को और खास बनाएंगे। इसके साथ ही इस बार बहनों को भाइयों के कलाई पर राखी बांधने के लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सुबह नौ बजकर 28 मिनट के बाद पूरे दिन राखी बांधने का मुहूर्त है।

29 साल बाद बन रहा खास संयोग

ज्योतिषाचार्य मनीष मोहन के अनुसार, रक्षाबंधन इस बार सावन के आखिरी सोमवार को है। इसके साथ ही, इस दिन विशेष प्रीति योग, आयुष्मान योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग बन रहा है। दिन की शुरुआत सर्वार्थ सिद्धि योग में होने से किसी भी समय बहनें अपने भाइयों को राखी बांध सकेंगी। यह खास संयोग करीब 29 साल बाद बन रहा है।

पंडित प्रियरंजन त्रिपाठी ने बताया कि शुभ ग्रहों और नक्षत्रों की मौजूदगी भाई-बहन के प्रेम को और मजबूत बनाएंगे। सर्वार्थ सिद्धि योग की वजह से रक्षाबंधन पर भाई और बहन दोनों की मनोकामनाएं पूरी होंगी और उनके बीच प्रेम बढ़ेगा। आयुष्मान योग भाई की कलाई पर बंधने वाले रक्षासूत्र को और मजबूत बनाकर उसे दीर्घायु प्रदान करेगा। वहीं, सोमवार के दिन पूर्णिमा होने से भगवान शिव की कृपा भी रहेगी। मकर राशि का स्वामी शनि और सूर्य आपस में समसप्तक योग बना रहे हैं, शनि और सूर्य दोनों ही आयु बढ़ाते हैं।

शुभ मूहूर्त

- सुबह 9:28 बजे से रात 9:57 बजे के बीच कभी भी राखी बांधी जा सकती है।

- दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक चर, लाभ, अमृत योग।

- सुबह 7:18 बजे से अगले दिन सूर्योदय तक सर्वार्थ सिद्धि योग।

- चंद्र का मकर राशि में प्रवेश के साथ ही प्रीति योग का निर्माण।

- सुबह 6:40 बजे के बाद ही शुरू हो जाएगा आयुष्मान योग।

- भद्रा काल रविवार की रात 8:36 मिनट से सोमवार सुबह 8:30 तक

Posted By: Inextlive