सहजनवां के घघसरा में सोमवार शाम हुई घटना

जांच में नहीं मिला खोखा, पूर्व में हुआ था विवाद

सहजनवां एरिया के घघसरा प्रधान दिलीप सैनी के बेटे राजन को बदमाशों ने गोली मार दी। घटना सोमवार शाम करीब चार बजे हुई। पैर में गोली लगने से घायल राजन को अस्पताल भेजकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद गोली मारे जाने के मामले पर संदेह जताया। मौके से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। भीड़ वाली जगह पर फायरिंग की घटना से भी लोगों ने इनकार किया। पुलिस का कहना है कि गहराई से छानबीन के बाद कार्रवाई की जाएगी। रविवार को प्रधान के बेटे का विवाद गांव के कुछ युवकों संग हुआ था।

बाजार जाते समय मारी गोली

घघसरा प्रधान के बेटे राजन सोमवार शाम चार बजे बाजार की तरफ जा रहे थे। थोड़ी ही दूर पर पहुंचे तभी उनके पैरों में गोली लग गई। मौके से पुलिस को सूचना दिए बिना वह अस्पताल चले गए। डॉक्टर्स ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। युवक को गोली मारने की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। राजन ने बताया कि वह बाजार की तरफ जा रहे थे। तभी बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाश पहुंचे। बिना कुछ कहे उन पर गोली दागकर फरार हो गए। बाएं पैर में गोली लगने पर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।

मौके पर नहीं मिला खोखा

मामले की जानकारी पाकर पुलिस पहुंची। मौके पर कोई खोखा नहीं मिला। न ही वहां पर ब्लड के निशान मिले। आसपास के लोगों ने किसी तरह की फायरिंग से इनकार किया। लोगों ने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले राजन का गांव के कुछ युवकों संग विवाद हुआ था। इसलिए लोगों ने घटना पर संदेह जताया। इसके पूर्व भी प्रधान के बड़े बेटे विकास सैनी से कुछ लोगों का विवाद हो गया था। इस विवाद के कुछ दिनों के बाद सात अगस्त को विकास के दोस्त कृष्ण गिरी को संदिग्ध हाल में गोली लग गई। उस समय भी मौके से खोखा बरामद नहीं हुआ। इस मामले में तीन के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। सोमवार घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा होती रही।

वर्जन

मामले की छानबीन की जा रही है। घटनास्थल पर कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। किससे, किस तरह का, कब-कब विवाद हुआ था। इस बारे में जानकारी ली जा रही है।

संतोष कुमार यादव, एसएचओ, सहजनवां

Posted By: Inextlive