- महिलाओं की सुरक्षा को कृत संकल्पित है पुलिस- एसएसपी

- महाराणा प्रताप बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ कार्यक्रम

GORAKHPUR:

रक्षाबंधन से एक दिन पहले शनिवार को मिशन शक्ति के तीसरे चरण का शुभारंभ किया गया। महाराणा प्रताप बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को शुरू करते हुए एसएसपी डॉ। विपिन ताडा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस संकल्पित है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी, सुरक्षित और सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार मिशन शक्ति अभियान चला रही है। आधी आबादी को नजरअंदाज कर कोई भी समाज तरक्की नहीं कर सकता है।

महिला बीट अधिकारी पूछेंगी महिलाओं की समस्याएं

इस मौके पर बीट पुलिस अधिकारी की तर्ज पर महिला बीट पुलिस अधिकारी की घोषणा भी एसएसपी ने की। उन्होंने कहा कि महिला बीट पुलिस अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में महिलाओं से संपर्क करके उनकी समस्याओं का निस्तारण कराएंगी। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं में असुरक्षा के भाव को दूर करने के उद्देश्य से सरकार मिशन शक्ति अभियान चला रही है।

महिला बीपीओ को दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम को सीओ चौरीचौरा, कॉलेज की प्रिंसिपल ने संबोधित किया। इस मौके पर एसएचओ महिला थाना अर्चना सिंह, कैंट इंस्पेक्टर सुधीर सिंह, जटेपुर चौकी प्रभारी इत्यानंद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर एसएसपी ने राखी बंधवाकर सुरक्षा का भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने महिला बीट पुलिस अधिकारियों के व्हीकल टोली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाली महिला बीपीओ को स्वैच्छिक तैनाती देने की भी घोषणा की।

Posted By: Inextlive