- अकीदत के साथ मना मुफ्ती मो। अख्तर रजा खां अजहरी मियां का तीसरा उर्स-ए-पाक

- गौसे आजम फाउंडेशन की ओर से चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर में कुरआन ख्वानी व फातिहा हुई

GORAKHPUR: हुजूर ताजुश्शरिया मुफ्ती मो। अख्तर रजा खां अजहरी मियां का तीसरा उर्स-ए-पाक गुरुवार को अकीदत के साथ मनाया गया। गौसे आजम फाउंडेशन की ओर से चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर में कुरआन ख्वानी, फातिहा ख्वानी व दुआ हुई। विभिन्न मोहल्लों में 150 से अधिक लोगों में लंगर बांटा गया। करीब डेढ़ सौ पानी की बोतल भी बांटी गई।

दुनिया भर में करोड़ो मुरीद

मस्जिद के इमाम हाफिज महमूद रजा कादरी ने महफिल में कहा कि हुज़ूर ताजुश्शरिया की गिनती विश्व के प्रसिद्ध आलिमों में होती है। हुज़ूर ताजुश्शरिया इल्म का दरिया थे। जिनके फैसले पर अहले सुन्नत व जमात के तमाम उलेमा अपने इत्मिनान का इजहार करते थे। भारत, मिस्त्र, साउथ अफ्रीका, ब्रिटेन, अमेरिका, सऊदी अरब, नेपाल, मॉरीशस, बांग्लादेश, पाक के अलावा दुनिया भर में आपके करोड़ों की तादाद में मुरीद हैं। हुज़ूर ताजुश्शरिया ने आला हजरत की अरबी जबान में लिखी कई किताबों का उर्दू में अनुवाद करके अवाम तक पहुंचाया। वहीं स्वयं लिखी किताबों से तमाम मसलों का हल निकालकर रहनुमाई फरमाई। आपने नबी-ए-पाक की बारगाह में नात शरीफ का नजराना भी पेश किया।

निकाला पेचीदा मसलों का हल

बेलाल मस्जिद इमामबाड़ा अलहदादपुर में हुजूर ताजुश्शरिया के उर्स-ए-पाक पर फातिहा ख्वानी व दुआ ख्वानी हुई। हाफिज मो। आरिफ ने महफिल में तकरीर करते हुए कहा कि हुज़ूर ताजुश्शरिया पेचीदा मसलों के हल निकाला करते थे। आपके इल्म का लोहा बातिल भी मानते थे। हाफिज आतिफ रजा ने कहा कि हुज़ूर ताजुश्शरिया ने धर्म और दर्शन सहित कई विषयों की एक विस्तृत श्रृंखला पर कई किताबें लिखी हैं। अजहरुल फतवा के खिताब से फतवा का संग्रह उनका विशाल कार्य है। उन्होंने कई किताबों का अनुवाद भी किया।

मांगी गई अमनो-अमान की दुआ

कुरआन-ए-पाक की तिलावत अरशद अली ने की। नात-ए-पाक शाकिब रजा ने पेश की। अंत में सलातो सलाम पढ़कर देश में अमनो अमान व कोरोना महामारी से हिफ़ाजत की दुआ मांगी गई। उर्स में गौसे आजम फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष समीर अली, जिला महासचिव हाफिज मोहम्मद अमन, हाफिज मोहम्मद शारिक, सैफ अली, मोहम्मद जैद चिंटू, मोहम्मद फैज, सैयद जैद, मोहम्मद आसिफ, मुख्तार अहमद, इरशाद, अब्दुल कय्यूम, सबरेज, अब्दुल वहीद आदि ने शिरकत की।

Posted By: Inextlive