चिलुआताल एरिया के ताजडीह में हुई घटना

बाइक सवार आरोपियों को पब्लिक ने पकड़ा

कोटे के रंजिश को लेकर चिलुआताल एरिया के ताजडीह में मनबढ़ों ने युवक को गोली मार दी। हमले के बाद भाग रहे बदमाशों को पब्लिक ने पकड़ लिया। आरोपित भाइयों को अरेस्ट कर पुलिस छानबीन में जुटी है। दो अन्य की तलाश जारी है। एसपी नार्थ ने बताया कि पुरानी रंजिश में घटना हुई है। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

काफी दिनों से चल रहा कोटे का विवाद

ताजडीह के कृष्णा दुबे और राम सजन यादव के बीच कोटे को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच चार दिन पूर्व विवाद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई भी की। शनिवार सुबह कृष्णा दुबे अपने मोहल्ले के सूर्य प्रकाश के साथ दवा लेने गोरखपुर आ रहे थे। लेकिन उनका मोबाइल फोन घर पर भूल गया। मोबाइल मंगाने के लिए उन्होंने अपने परिचित को फोन किया। सड़क पर रुककर वह इंतजार करने लगे।

तमंचे दागी गोली, पेट में लगने से हुए गंभीर

आरोप है कि तभी रामसजन, उनके भाई रामभजन और दो अन्य लोग आ गए। करीब आते ही उन लोगों ने तमंचे से फायर झोंक दिया। हमले में एक गोली कृष्णा के पेट में जाकर धंस गई। गोली की आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने रामसजन और रामभजन को दौड़ा लिया। पब्लिक के खदेड़ने पर भागने की कोशिश की। हालांकि बाद में उनको पुलिस ने पकड़ लिया। मामले की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में मोहल्ले में पुलिस तैनात कर दी गई। दोनों पक्षों के बारे में जानकारी जुटाकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

दो आरोपितों को अरेस्ट कर लिया गया है। उनके साथियों की तलाश चल रही है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवक खतरे से बाहर है।

जोगेंद्र कुमार, एसएसपी

Posted By: Inextlive