- बिकरू हत्याकांड में नामजद आरोपी उमाकांत पर था 50 हजार रुपए का इनाम, गले मे तख्ती लगा परिवार के साथ थाने पहुंचा बोला रहम करो

: चौबेपुर में हुए पुलिस हत्याकांड के एक आरोपी ने सैटरडे को परिवार के साथ चौबेपुर थाने पहुंच बड़े नाटकीय अंदाज में सरेंडर कर दिया। बिकरू गांव में ही रहने वाले उमाकांत उर्फ बउवन इस हत्याकांड में नामजद आरोपी था। जिस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था। वह गले में तख्ती लगा कर थाने पहुंचा और अपनी जान की सलामती के साथ रहम करने की पुलिस से अपील की। उसके साथ उसका परिवार भी था।

पुलिस लगातार दबिश दे रही थी

थाने पहुंचते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद उससे पूछताछ भी हुई। पुलिस के मुताबिक उमाकांत ने माना कि वह पुलिसकर्मियो की हत्या के दौरान विकास के साथ ही मौजूद था। उसने भी पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाई जिसे लेकर उसे आत्मग्लानि है। वहीं चौबेपुर पुलिस का कहना है कि उमाकांत को गिरफ्तारी का डर था। पुलिस लगातार उसे पकड़ने के लिए दबिश दे रही थी। इसी के चलते उसने थाने पहुंच कर खुद सरेंडर कर दिया।

राक्षस था विकास

वहीं शाम को उमाकांत का एक वीडियो भी सामने आया। जिसमें उसने कहा कि वह पुलिस हत्याकांड में शामिल था। विकास के साथ अमर दुबे, प्रभात,अतुल दुबे, रामारामा, जिलेदार, शशिकांत भी थे जिन्होंने पुलिस पर गोलियां चलाई। विकास के क्षेत्र में आतंक को लेकर भी उसने कई जानकारियां दी। उमाकांत ने बताया कि वह कितना निर्दयी था। एक बार गंाव के मुन्ना सक्सेना नाम के शख्स ने उसके खिलाफ आवाज उठाई तो उसे पीट पीट कर उसके मुंह पर यूरिन कर दिया। विकास ने क्षेत्र में दर्जनों खेतों पर कब्जा किया। उसकी मर्जी से ही बिकरू समेत आसपास के गांवों में प्रधान चुने जाते थे।

Posted By: Inextlive