KANPUR : बजरिया थानाक्षेत्र में रविवार को दो पक्षों में फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों से एक-एक युवक छर्रे लगने से घायल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो घायलों को छोड़कर हमलावर भाग गए। पुलिस ने दोनों को हॉस्पिटल में एडमिट कराकर जांच शुरू कर दी।

बजरिया थानाक्षेत्र में इन दिनों ईद को लेकर रोड पर बाजार लगती है। बाबा स्वीट हाउस के पास रहने वाले अलतमस ने भी चूड़ी समेत अन्य सामान बेचने के लिए ठेला लगाया था। आरोप है कि इलाकाई निवासी दबंग गुड्डू चिरौरा और उसका भाई शिब्बू अरशद ठेले वालों से अवैध वसूली करते हैं। रविवार को वो ठेले वालों से रुपए वसूल रहा था। उसने अलतमस से गुण्डा टैक्स देने के लिए कहा तो उसने इलाकाई लोगों का हवाला देते हुए रुपए देने से मना कर दिया। जिसे सुनते ही गुड्डू और उसके साथी भड़क गए। वे अलतमस से गाली-गलौज करने लगे। इधर, अलतमस के साथियों को पता चला तो वे भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में विवाद होने के बाद मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से फायरिंग होने लगी। जिसमें शिब्बू और अलतम को गोली लग गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो साथी घायलों को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने उनको हॉस्पिटल में एडमिट कराया। एसओ का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है।

Posted By: Inextlive