-सरोजनी नगर में बिना गिट्टी डालने लगाई जा रही थीं टाइल्स, 10 हजार जुर्माना

KANPUR: नगर निगम के ठेकेदार घटिया निर्माण करने से बाज नहीं आ रहे हैं। नया मामला सरोजनी नगर का है। जहां बिना गिट्टी के इंटरलाकिंग टाइल्स लगाने पर नगर निगम के चीफ इंजीनियर ने काम रुकवा दिया। घटिया लगी 100 मीटर टाइल्स उखाड़कर नए सिरे से लगाने के आदेश दिए हैं। 10 हजार रुपए जुर्माना लगाया है।

बिना बेस बनाए लगा दिया

वार्ड 69 सरोजनी नगर में पानी की टंकी के पास एक गली में 600 मीटर इंटरलाकिंग टाइल्स लगाई जा रही है। बिना गिट्टी के उबड़ खाबड़ टाइल्स लगाने की शिकायत पार्षद अरविंद यादव ने चीफ इंजीनियर एसके सिंह से की थी। चीफ इंजीनियर ने पार्षद के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां पर 600 मीटर टाइल्स 8.02 लाख रुपए में ठेकेदार मनोज दिवाकर द्वारा लगाई जा रही है। टाइल्स लगाने से पहले गिट्टी और बालू डाली चाहिए लेकिन यहां पर ठेकेदार ने गिट्टी नहीं डाली। चौबीस घंटे में उखड़ाने के आदेश दिए। दस हजार रुपये जुर्माना लगाया। नहीं उखाड़ने पर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया जाएगा। चीफ इंजीनियर ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को बख्शा नहीं जाएगा। जेई से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

Posted By: Inextlive