-दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से ही देरी से आई तीनों फ्लाइट

- चेकरी एयरपोर्ट से निर्धारित समय पर नहीं उड़ सकीं तीनों फ्लाइट

KANPUR: कोहरे की वजह से ट्रेनों के संचालन पर तो असर पड़ ही रहा है अब फ्लाइट्स के संचालन पर पड़ना शुरू हो गया है। सैटरडे को तीनों फ्लाइट देरी से चकेरी एयरपोर्ट पहुंची और देरी से ही यहां से उड़ सकीं। यह सभी दिल्ली, अहमदाबाद और मुंबई से आने वाली फ्लाइट थीं। मुंबई से आने वाले प्लेन को 12:45 बजे चकेरी एयरपोर्ट से उड़ान भरना था लेकिन यह फ्लाइट 2:40 बजे एयरपोर्ट पहुंची। करीब बीस मिनट बाद दोपहर तीन बजे विमान को मुंबई रवाना कर दिया गया।

दिल्ली की फ्लाइट 4 बजे जा सकी

अहमदाबाद की फ्लाइट भी देरी से एयरपोर्ट आयी। सामान्य तौर पर फ्लाइट 1:55 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरता है लेकिन यह फ्लाइट तीन बजे एयरपोर्ट पहुंची और 3:20 बजे रवाना कर दिया गया। दिल्ली की फ्लाइट भी सुबह 11:30 की बजाय दोपहर तीन बजे के बाद एयरपोर्ट पहुंची। शाम चार बजे फ्लाइट को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली, अहमदाबाद और मुंबई से ही कोहरे के चलते विमान देरी से आए। यही कारण था कि तीनों फ्लाइट्स ने चकेरी एयरपोर्ट से भी देरी से उड़ान भरी।

शताब्दी श्रमशक्ति समेत 42 ट्रेनें लेट

कोहरे का असर सैटरडे को भी ट्रेनों पर दिखायी दिया। दिल्ली की ओर से आने वाली शताब्दी, श्रमशक्ति, वंदे भारत समेत 42 ट्रेनें देरी से सेंट्रल पहुंची। श्रमशक्ति एक्सप्रेस 9:30 बजे सेंट्रल आयी। यह ट्रेन साढ़े तीन घंटे लेट थी। स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस दोपहर दो बजे सेंट्रल पहुंची। यह ट्रेन 1:45 घंटा लेट रही। सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस सवा दो घंटे की देरी से आयी। देरी में राजधानी ट्रेनें भी पीछे नहीं रहीं। नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी दो घंटा, नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी सवा घंटा, नई दिल्ली-सियालदाह राजधानी सवा दो घंटे की देरी से आयीं। आनंद विहार-भागलपुर विक्रमशिला एक्सप्रेस सवा घंटा, दिल्ली-दरभंगा बिहार संपर्कक्रांति एक्सप्रेस एक घंटा देरी से सेंट्रल पहुंची। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली से तड़के आने वाली ट्रेनों पर मौसम का असर ज्यादा रहा। ट्रेनों के लेट होने के चलते 350 से ज्यादा यात्रियों ने अपने आरक्षित टिकट निरस्त करा लिए।

Posted By: Inextlive