-निगम मुख्यालय, लालइमली में लाखों रुपए से बनाए गए वर्टिकल गार्डन बिन पानी और देखरेख के सूखे

-मुख्यालय में ही फिर वर्टिकल गार्डन बनाने की तैयारी शुरू, जहां पर सूखे पौधे, वहां से डेली गुजरते हैं अधिकारी

KANPUR: नगर निगम ने लाखों रुपए खर्च करके वर्टिकल गार्डन तो बना दिए, लेकिन इनकी देखरेख पर ध्यान नहीं दिया। इस वजह से खूबसूरती के बीच ये एक दाग की तरह नजर आने लगे हैं। नगर निगम मुख्यालय में करीब 3 लाख रुपए से वर्टिकल गार्डन तैयार किया गया था। लेकिन सभी पौधे सूख गए। मुख्यालय की ही गोल बिल्डिंग में अब नया रूफटॉप गार्डन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।

3 लाख रुपए से नगर निगम में तैयार किया था वर्टिकल गार्डन

2.5 लाख से लालइमली चौराहे के पास वर्टिकल गार्डन बनाया

6 महीने हो गए इनॉग्रेशन के, एक बार भी नहीं दिया गया पानी

सेल्फी प्वाइंट में सूखे पौधे

लालइमली चौराहे के पास नगर निगम ने सेल्फी प्वाइंट में वर्टिकल गार्डन तैयार किया है। यहां भी इन पौधों की दुर्दशा हो गई है। करीब 2.5 लाख रुपए से तैयार किया गया वर्टीकल गार्डन 2 महीने में सूखने की कगार में पहुंच गए हैं। अब यहां आने वाले लोग भी वर्टिकल गार्डन को देखकर नाराजगी जताने लगे हैं। प्रोजेक्ट सेल के प्रभारी आरके सिंह के मुताबिक पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी उद्यान विभाग की है।

6 महीने पहले इनॉग्रेशन

नगर निगम मुख्यालय में ड्राइवर व स्टोर रूम नया बनाया गया। इसे सजाने के लिए करीब 2.50 लाख रुपए से दीवारों के ऊपर वर्टिकल गार्डन तैयार किया गया है। 6 महीने इसे इनॉग्रेशन को हो गए। लेकिन न तो किसी कर्मचारी और न किसी अधिकारी ने इन पौधों को पानी देने का इंतजाम किया।

अधिकारियों के सामने ही सूख गए

मुख्यालय में रोजाना सूखे वर्टिकल गार्डन केसामने से होते हुए उद्यान अधिकारी समेत दर्जनों नगर निगम अधिकारी इसको देखते हुए गुजरते हैं। खुद यहां से रोजाना इसको लगवाने वाले अधिकारी आरके सिंह भी इसके सामने से होकर दूसरी मंजिल पर स्थित अपने ऑफिस तक जाते हैं, लेकिन इनकी देखरेख के लिए कोई ध्यान नहीं दिया गया।

सामने ही रूफटॉप गार्डन बनेगा

नगर निगम मुख्यालय की गोल बिल्डिंग स्थित गाडि़यों के पोर्च के ऊपर खाली छत पड़ी है। अब यहां रूफटॉप गार्डन बनाने की तैयारी की जा रही है। उद्यान अधीक्षक ने बताया कि यहां रूफटॉप गार्डन बनाने के लिए ट्रायल के तौर पर प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। इसके सक्सेस होने के बाद निगम की अन्य बिल्डिंग में लगाया जाएगा।

लालइमली और मुख्यालय में लगाए गए वर्टिकल गार्डन को प्रोजेक्ट सेल के तहत लगाया गया था। इनकी देखरेख करना उद्यान विभाग की जिम्मेदारी है।

-आरके सिंह, प्रभारी, प्रोजेक्ट सेल

वर्टिकल गार्डन में कई पौधे ऐसे होते हैं, जो धूप और गर्मी को बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं। इसके ट्रायल के लिए रूफटॉप गार्डन तैयार किया जा रहा है। सक्सेस हुआ तो वर्टिकल गार्डन में भी इसे अप्लाई किया जाएगा। मुख्यालय में गार्डन को पानी देना केयरटेकर का काम है।

-डा। वीके सिंह, उद्यान अधीक्षक, नगर निगम

Posted By: Inextlive