कानपुर कमिश्नरेट का बिधनू और महाराजपुर थाने के साथ ही चौबेपुर और बिठूर वे इलाके है जहां अक्सर अज्ञात शव मिलते है. 2022 में केवल बिधनू थाना क्षेत्र में 13 शव मिले थे जिनमें चार की पहचान हो पाई थी. एक साल बाद भी 9 शव पहचान के लिए भटक रहे है.

कानपुर (ब्यूरो)। कानपुर कमिश्नरेट का बिधनू और महाराजपुर थाने के साथ ही चौबेपुर और बिठूर वे इलाके है जहां अक्सर अज्ञात शव मिलते है। 2022 में केवल बिधनू थाना क्षेत्र में 13 शव मिले थे, जिनमें चार की पहचान हो पाई थी। एक साल बाद भी 9 शव पहचान के लिए भटक रहे है। समय के साथ ही इनका पंचनामा अज्ञात में भरा गया और उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बीते दिनों कल्याणपुर के नाले में युवक का और बिठूर रोड पर युवती का शव मिला था लेकिन उनकी पहचान तक न हो सकी। कई बार बोरे में लाश तो कई बार कंकाल मिले है। बिधनू से निकलने वाली नदी में कई बार लाशें बह कर आ जाती है। जिन युवतियों के शव मिलते है उनमें से ज्यादातर मामले हत्या के होते है, लेकिन पहचान न होने की वजह से पैरवी नहीं हो पाती और पुलिस की फाइलों में लावारिस आत्मा भटकती रहती है।

ये है पहचान की प्रक्रिया
अज्ञात शव मिलने पर सबसे पहले थाना पुलिस आस पास के लोगों को बुलाकर शिनाख्त के प्रयास करती है। दिन ढलने तक पहचान न होने पर शव मार्चुरी में भेज दिया जाता है। 96 घंटे तक शव मार्चुरी में रखा जाता है। इन 96 घंटों में आस पास के थाना क्षेत्रों और आस पास के जिलों से मिसिंग की जानकारी की जाती है। परिवार वालों को सूचना की जाती है और वे पहचान करने आते है। पहचान न होने पर डीसीआरबी और एनसीआरबी के मिसिंग फार्मेट में जानकारी और फोटो डाली जाती है। 60 फीसद से ज्यादा मिलान होने पर परिवार वालों को सूचना दी जाती है और उनसे पहचान कराई जाती है। इसी बीच पुलिस परिवार से फोटो लेकर पोस्टर और फोटो चस्पा कर तलाश करती है। इसके बाद भी पहचान न होने पर पुलिस शव के पास मिले कपड़े और दूसरी चीजें कब्जे में कर अज्ञात में पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कर देती है। ऐसा इसलिए किया जाता है कि शव डेस्ट्रॉय होने लगता है।

कानपुर में रहस्य बन गई इन शवों की पहचान
- बिठूर में झाडिय़ों मे मिला महिला का शव
- सिंहपुर में बोरे में मिला युवक का शव
- बिधनू में नदी में मिला था महिला का शव
- नौबस्ता हाईवे किनारे हत्या कर जला दिया था शव
- टाटमिल पर मिला था युवक का शव
- साढ़ में तीन दिन पहले मिला था अज्ञात शव
- महाराजपुर में युवती के हत्या के बाद शव जलाया
- जाजमऊ में एक महीने पहले मिला था शव।
- नौबस्ता हाईवे पर तीन महीने पहले मिला था शव।

अभी होनी है इनकी शिनाख्त, इतने मिल चुके है शव
2020 - 196 शव
2021 - 83 शव
2019 - 103 शव
2022 - 96 शव
2023 में अब तक - 119 शव
सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में शवों के मिलने की बात सामने आई है। ज्यादातर मामलों में चार्जशीट या फाइनल रिपोर्ट लगाई जा चुकी है।
बीपी जोगदण्ड, पुलिस कमिश्नर कानपुर

Posted By: Inextlive