- सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 1.62 करोड़ हड़पे

- जनकल्याण एवं ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के अध्यक्ष समेत सात खिलाफ केस

LUCKNOW: बाल विकास एवं पुष्टाहार में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर जनकल्याण एवं ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के अध्यक्ष ने 22 लोगों से करीब 1.62 करोड़ हड़प लिये। नौकरी न मिलने पर पीडि़ता ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने परिवार के साथ मिलकर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मडि़यांव पुलिस ने भी पीडि़ता की मदद नहीं की। इस पर कोर्ट के आदेश पर मडि़यांव पुलिस ने संस्था के अध्यक्ष समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

ब्यूटी पार्लर बंद कर खोल दिया ऑफिस

इंस्पेक्टर मडि़यांव विपिन कुमार सिंह ने बताया कि सिमरा गौढ़ी, आईआईएम रोड निवासी मीनाक्षी मिश्रा मकान में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। ब्यूटी पार्लर में एक ग्राहक कंचन गुप्ता भी आती थी। कंचन जनकल्याण एवं ग्रामोद्योग सेवा संस्थान में काम करती थी। मीनाक्षी ने बताया कि कंचन ने उसे संस्था से जुड़ने व उसके फायदे बताए। संस्थापक, अध्यक्ष घनश्याम श्रीवास्तव से मुलाकात के बाद उसने पांच हजार रुपये में संस्था की सदस्यता ले ली। बाद में आरोपी के कहने पर ब्यूटी पार्लर बंद करके दुकान में संस्था का कार्यालय खोल लिया। उसे संस्था का राष्ट्रीय परियोजना प्रमुख बना दिया गया।

सरकारी नौकरी दिलाने का दिया झांसा

पीडि़ता ने बताया कि आरोपी ने उसे बाल विकास एवं पुष्टाहार में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। उसने बताया कि उसकी दूसरी पत्नी बाल विकास एवं पुष्टाहार में परियोजना अधिकारी है। झांसे में आकर पीडि़ता ने सात लाख रुपये आरोपी को दे दिये। इसके बाद आरोपी ने अन्य लोगों को भी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। पीडि़ता ने अपने परिचित 22 लोगों से करीब एक करोड़ 62 लाख रुपये दिलवाए।

थमा दिया फर्जी ज्वाइनिंग लेटर

कुछ दिन बाद आरोपी ने नौकरी से संबंधित फर्जी जॉइनिंग लेटर दिया। समय बीतने के बाद जब पीडि़ता और अन्य व्यक्तियों को नौकरी नहीं मिली। पीडि़ता आरोपी घनश्याम श्रीवास्तव के मिर्जापुर, शिवविहार, जानकीपुरम निवास पर गई। आरोप है कि वहां घनश्याम, पत्‍‌नी सुमन, शशि, दीपक, बहू प्रिया, दिलीप, रितेश ने गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने सभी का रुपया भी लौटाने से इनकार कर दिया।

Posted By: Inextlive