- विपक्ष के सवालों के बीच नगर निगम सदन में मूल बजट 2021-22 पास

- 30 करोड़ रुपए से बदलेगी राजधानी के पार्को की सूरत

LUCKNOW :

शहर के विकास की तस्वीर साफ हो गई है। शहर सरकार की ओर से विकास कार्यो के लिए 19 अरब 46 करोड़ 82 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पर सदन की मुहर लग गई है। हालांकि बजट के कुछ बिंदुओं पर चर्चा और कोरोना पर मंथन किए जाने को लेकर पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच तकरार देखने को मिली। मेयर संयुक्ता भाटिया ने 10 मिनट के लिए सदन स्थगित कर बजट और कोरोना की तैयारियों पर चर्चा कराई।

तीन घंटे में बजट पास बजट

निगम सभागार में शुक्रवार को मेयर की अध्यक्षता में सदन बुलाया गया। कोरोना को देखते हुए पहली बार सदन से जुड़ने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था भी रखी गई। करीब 35 फीसदी पार्षद ऑनलाइन सदन में शामिल हुए। वहीं बाकी सभागार पहुंचे। सदन की शुरुआत सुबह 10.30 बजे हुई और करीब तीन घंटे में सदन से वित्तीय वर्ष 2021-22 का मूल बजट पास हो गया।

यह होंगे काम

- राजधानी में 'लक्ष्मण प्रेरणा स्थल' बनाया जाएगा, जहां लक्ष्मण जी की 151 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई जाएगी। इसके लिए 1.50 करोड़ का बजट पास किया है।

- भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव की मूर्ति लखनऊ के किसी एक पार्क में लगाई जाएगी।

- मेयर द्वारा स्थान चिन्हित करने के बाद महिला बाजार बनाया जाएगा, जिसमें विक्रेता सिर्फ महिलाएं होंगी और महिला संबंधित सामान ही बिकेगा। इसके लिए 50 लाख का बजट पास।

- प्रमुख पार्को में महिलाओं के लिए यूरिनल और बेबी फीडिंग सेंटर।

- अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज के शिक्षकों को 7वां वेतनमान। कॉलेज में आठ और कमरे और हॉल भी बनाया जाएगा।

- बाढ़ पंपिंग स्टेशनों के संचालन एवं मेंटीनेंस के लिए 4 करोड़ का बजट पास।

ये भी निर्णय भी लिए गए

- 2 करोड़ रुपये से नए कूड़ाघरों का निर्माण।

- 1 करोड़ रुपये से टॉयलेट और यूरीनल बनाए जाएंगे।

- 11 करोड़ खर्च होंगे निराश्रित पशुओं, गाय और कुत्तों की चिकित्सा और रखरखाव पर।

- 21 करोड़ से बेहतर की जाएगी रोड लाइट व्यवस्था।

- 30 करोड़ से होगा पार्को का विकास

- 2 करोड़ खर्च होंगे पार्को में कम्पोस्ट पिट बनाने पर

- 30 लाख खर्च होंगे ठंड के दौरान अस्थाई रैन बसेरों के लिए

- 30 लाख से मिनी स्पो‌र्ट्स काम्प्लेक्स का निर्माण।

- 1 करोड़ 50 लाख से नए कल्याण मंडप बनाए जाएंगे।

- 10 लाख खर्च होंगे लावारिश लाशों के निस्तारण पर।

- 30 लाख से नए शमशान घाटों का निर्माण और मरम्मत।

- 3 करोड़ से निगम के जोनल कार्यालयों की मरम्मत और सदन के हॉल को विधानसभा जैसे बनाने पर

- 2 करोड़ से नगर निगम की खाली जमीनों को कब्जे से बचाने के लिए फेंसिंग कराई जाएगी।

- 2 करोड़ से शहर के गरीब वेंडर्स को बसाया जाएगा।

- 8 करोड़ रुपए खर्च होंगे नई पार्किंग बनाने पर।

- 1 करोड़ से नगर निगम का कंप्यूटराइजेशन कराया जाएगा।

शिक्षा पर भी खास फोकस

मेयर ने बताया कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा पर 16 करोड़ 35 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। इसके साथ ही 4 करोड़ रुपये से स्कूलों में निर्माण कार्य कराया जाएगा। 5 लाख रुपये से पुस्तकालय और संग्रहालय बनाया जाएगा साथ ही अमीनाबाद इंटर कॉलेज में स्मार्ट क्लासेज के लिए 40 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे।

Posted By: Inextlive