- सीनियर सिटीजन में कोरोना को लेकर दिखी गजब की जागरूकता

- 135 फीसद रहा राजधानी में तीसरे चरण का वैक्सीनेशन

- सीएम योगी ने सिविल अस्पताल पहुंचकर की लाभार्थियों से बात

LUCKNOW:

एक तरफ जहां बहुत से लोग कोरोना और इससे बचाव के लिए बनाई गई वैक्सीन को लेकर गंभीर नहीं हैं, वहीं बुजुर्ग कोरोना की गंभीरता को भली-भांति समझते हैं और जानते हैं कि इससे बचाव के लिए वैक्सीन बेहद जरूरी है। सोमवार को राजधानी में वैक्सीनेशन को लेकर बुजुर्गो में काफी जोश दिखाई दिया। जिसका परिणाम यह हुआ कि निर्धारित लक्ष्य से 135 फीसद अधिक वैक्सीनेशन राजधानी में हुआ। राजधानी में 900 लोगों को वैक्सीन लगाई जानी थी लेकिन कुल 1217 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। यही नहीं इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिविल अस्पताल पहुंचकर न सिर्फ वैक्सीनेशन ड्राइव का निरीक्षण किया बल्कि लाभार्थियों से बात भी की।

पोर्टल स्लो लेकिन जोश हाई

तीसरे चरण के वैक्सीनेशन के लिए ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन करना जरूरी था। सुबह 9 बजे से ही चुने गए अस्पतालों में बड़ी संख्या में सीनियर सिटीजन आवश्यक डॉक्यूमेंट्स के साथ रजिस्ट्रेशन कराने पहुंच गए। उनका जोश काफी हाई था लेकिन पोर्टल की रफ्तार काफी स्लो थी, जिसके कारण उन्हें रजिस्ट्रेशन कराने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा।

10 बजे वैक्सीनेशन शुरू

सिविल अस्पताल में सुबह 10 बजे वैक्सीनेशन शुरू हो गया। यहां 100 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जबकि इससे कहीं अधिक 222 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। वहीं लोहिया अस्पताल में पोर्टल की स्पीड ने लोगों को परेशान किया। यहां 300 लोगों को वैक्सीन लगाई जानी थी। यहां 332 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।

केजीएमयू में बने चार बूथ

केजीएमयू में काउंटर पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद लोगों को वैक्सीन लगाई गई और सभी को 30 मिनट आब्जर्वेशन रूम में रखने के बाद ही घर जाने दिया गया। यहां चार बूथ पर 400 के लक्ष्य के मुकाबले 563 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। वहीं शेखर अस्पताल में 250 रुपए देकर कुल 100 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।

सीएम ने बढ़ाया हौसला

सीएम योगी सुबह करीब 10:30 बजे सिविल अस्पताल के वैक्सीनेशन बूथ पहुंचे और फिर वेटिंग रूम में गए। वहां उन्होंने लाभार्थियों से बात की और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से काम करने के तरीके के बारे में पूछा। निरीक्षण में उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ। डीएस नेगी, सिविल अस्पताल निदेशक डॉ। सुभाष चंद्र सुंद्रियाल आदि मौजूद रहे।

साथ लाए खाने-पीने का सामान

वैक्सीन लगवाने आए कई बुजुर्ग अपने साथ खाने-पीने का सामान भी लेकर आए थे। उनका कहना था कि यहां कितना समय लगेगा, इसका पता नहीं है, ऐसे में वे ये सामान लेकर आए हैं।

बैकअप में रखी अधिक वैक्सीन

नोडल इंचार्ज डॉ। एमके सिंह ने बताया सोमवार को लक्ष्य से अधिक वैक्सीनेशन हुआ है। सभी सेंटर्स पर वैक्सीन बैकअप में पहले ही रखवा दी गई थीं कि अगर संख्या बढ़े तो कोई दिक्कत न आए।

सुबह से ही रजिस्ट्रेशन के लिए भीड़ लगी रही। लक्ष्य से काफी ज्यादा वैक्सीन लगी है। कही कोई दिक्कत नहीं आई।

- डॉ। डी हिमांशु, एमएस केजीएमयू

पूरी ड्राइव बिना किसी दिक्कत के पूरी हो गई। वैक्सीन लगवाने वालों की काफी संख्या रही है। लक्ष्य से अधिक ही हम लोगों ने वैक्सीन लगाई है।

- डॉ। श्रीकेश सिंह, प्रवक्ता लोहिया संस्थान

अस्पताल में लक्ष्य के मुकाबले 222 फीसद वैक्सीनेशन हुआ है। सबसे अधिक वैक्सीन हमारे यहां ही लगी है। जितने भी आई, सभी का रजिस्ट्रेशन किया गया।

- डॉ। सुभाष चंद्र सुंद्रियाल, निदेशक सिविल अस्पताल

वैक्सीनेशन के बारे में अखबार से पता चला तो यहां वैक्सीन लगवाने चली आई। पूरी तरह ठीक हूं और सभी से यही कहूंगी कि कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन जरूर लगवाएं।

गीता कपूर, सिविल अस्पताल

संस्थान लक्ष्य वैक्सीनेशन

केजीएमयू 400 563

लोहिया संस्थान 300 332

सिविल अस्पताल 100 222

शेखर अस्पताल 100 100

नोट- 700 कोविशील्ड लगाई जानी थीं, लगाई गई 892. 200 को-वैक्सीन लगाई जानी थीं लगाई गई 325.

जैसे ही पता चला कि सीनियर सिटीजन को वैक्सीन लगाई जानी है तो यहां आ गया। सरकार ने बुजुर्गो का ध्यान रखा है, यह काफी अच्छी बात है। मैंने नंबर आने पर वैक्सीन लगवा ली है।

जगदीश चंद्र, सिविल अस्पताल

मेरे पास मैसेज आया था कि बड़ी उम्र के लोगों को वैक्सीन लगने वाली है। उसी के बाद यहां पास में वैक्सीन लगवाने के लिए आया हूं। वैक्सीनेशन के लिए सरकार का शुक्रिया।

एमके ठाकुर, लोहिया संस्थान

मेरे पति वैक्सीन लगवाने आए हैं। यहां आई तो मैंने भी वैक्सीन लगवा ली है। मुझे किसी तरह की कोई तकलीफ नहीं हुई है। सभी अपना नंबर आने पर वैक्सीन जरूर लगवाएं।

लीला, लोहिया संस्थान

बच्चों ने बताया कि हम लोगों के लिए भी वैक्सीनेशन शुरू हो गया है। रजिस्ट्रेशन भी उन्होंने ही करवाया है। कोरोना जैसी खतरनाक बीमारी से बचने के लिए यह वैक्सीन बहुत जरूरी है।

सतीश कुमार, शेखर अस्पताल

वैक्सीन लगवाने में कोई दिक्कत नहीं हुई। कोरोना को हराने के लिए यह जरूरी है। हम लोगों के बारे में भी सरकार सोच रही है, यह अच्छी बात है। सभी को वैक्सीन लगवानी चाहिए।

रति देवी, शेखर अस्पताल

लक्ष्य से ज्यादा वैक्सीनेशन

Posted By: Inextlive