श्रीराम लीला समिति ऐशबाग लखनऊ की ऑनलाइन रामोत्सव के छठे दिन मंगलवार को पंचवटी कुटिया निर्माण सूर्पनखा नासिका विच्छेदन रावण का राजदरबार सीता हरण और जटायु वध लीला का मंचन किया गया। जिसे ऑनलाइन देखते हुए दर्शक भावविभोर हो उठे। वहीं इस बार 80 फिट रावण पुतला का दहन किया जायेगा। जिसमें वैक्सीनेटेड लोगों को सीमित संख्या में प्रवेश मिलेगा।

लखनऊ (ब्यूरो)। रामलीला के पूर्व नृत्यांजलि कलाकारों ने गुरु दक्षिणा नृत्य नाटिका के मंचन से गुरु के महत्व से लोगों को अवगत कराया। इसी क्रम में अर्चना पांडेय की स्तुति नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद लाइव ऑनलाइन आरंभ हुई। रामलीला की शुरुआत पंचवटी में कुटिया निर्माण लीला से हुई। इस प्रसंग में जब राम चित्रकूट से पंचवटी पहुंचते हैं तो राम वन में एक उचित स्थान देखकर कुटिया के निर्माण के लिए लक्ष्मण से निर्माण सामग्री को वन से लाने के लिए बोलते है। इसके बाद कुटिया का निर्माण और सीता द्वारा कुटिया की साज-सज्जा की जाती है। अगली लीला में सूर्पनखा नासिका विच्छेदन प्रसंग हुआ। जहां सूर्पनखा आकाश मार्ग से लंका जाते समय लक्ष्मण पर मोहित होकर पृथ्वी पर आ जाती है। और एक नवयुवती का वेश धारण कर लक्ष्मण के पास जाकर उनसे विवाह का प्रस्ताव रखती है। जिसके बाद लक्ष्मण उनको राम के पास भेजते है। सूर्पनखा निराश होने पर सीता पर प्रहार करती है। इस बीच लक्ष्मण सूर्पनखा के नाक-कान काट लेते हैं। अगले क्रम में रावण का राजदरबार, सीताहरण और जटायु वध लीला हुई। इसी के साथ आज की रामलीला का समापन हो जाता है।

शबरी भक्ति ने किया भावविभोर
दूसरी ओर डालीगंज की मौसमगंज रामलीला मे मंगलवार को शबरी मिलन, राम-सुग्रीव मित्रता व बाली वध का भव्य मंचन किया गया। मंचन के पहले दृश्य में प्रभु श्रीराम, भाई लक्ष्मण के साथ माता सीता की खोज में जंगल में भटक रहे हैं। दूर से उन्हें जय श्रीराम की आवाज सुनाई देती हैं। पास जाने पर देखते हैं कि एक वृद्ध महिला कुटी में प्रभु नाम का जप कर रही है। कुटी में प्रवेश करते ही महिला अपना परिचय प्रभु भक्त शबरी के रूप में देती है। शबरी ने भगवान को झूठे बैर खिलाती है। प्रभु ने प्रेम पूर्वक उसे ग्रहण किया और शबरी को नौ प्रकार की भक्ति के बारे में बताया। बाद मे बालि वध, लंका दहन, विभीषण शरणागति का मंचन हुआ। जिसे देख दर्शक भावविभोर हो उठे। बुधवार को लक्ष्मण शक्ति की लीला का मंचन होगा।


80 फिट के रावण का होगा दहन
श्रीराम लीला समिति ऐशबाग के प्रांगण में दशहरे के पर्व पर 15 अक्टूबर को 80 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जायेगा। इसके अलावा भव्य आतिशबाजी का भी आयोजन किया जायेगा। इस बात की जानकारी पं। आदित्य द्विवेदी ने दी। उन्होंने बताया कि दशहरे के पावन पर्व पर वैक्सीनेटेड लोगों को ही रावण पुतला दहन समारोह में प्रवेश की अनुमति होगी। दर्शकों का प्रवेश सीमित संख्या में दिया जायेगा।

Posted By: Inextlive