- मडि़यांव के ककौली गांव में हुई सनसनीखेज वारदात

- युवक की नहीं हो सकी शिनाख्त, पड़ताल में जुटी पुलिस

LUCKNOW : मडि़यांव के ककौली गांव में बुधवार को युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव एक कच्चे रास्ते पर पड़ा मिला। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की शिनाख्त कराने के साथ ही हत्यारोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

तीन जगह गंभीर चोट

ककौली गांव में एक कच्चे रास्ते पर बुधवार सुबह युवक (32) का शव मिलने से लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किये, लेकिन सफलता नहीं मिली। इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह के मुताबिक युवक के शरीर पर सफेद और नीले रंग की धारी दार टी-शर्ट है। इसके अलावा जींस की पैंट पहने हुए है। शव के पास से कोई अन्य वस्तु बरामद नहीं हुई है। उसके पीछे सिर पर गंभीर चोट व घाव था। इसके अलावा शरीर में भी कई चोटें हैं। संभावना है कि कहीं और युवक की हत्या की गई और शव को बदमाशों ने यहां फेंक दिया। घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया।

लंबे समय से बंद है रास्ता

जिस रास्ते पर शव मिला है। वह लंबे समय से बंद है। उस पर किसी भी ग्रामीण का आना जाना नहीं है। खेतों के बीच का मार्ग है। कच्चा है इसके साथ ही ऊबड़-खाबड़ भी है। यह मार्ग बंद रहता है। युवक वहां पर कैसे पहुंचा। इसके साथ ही कई अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

गोली मारे जाने की आशंका

ग्रामीणों ने गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। ग्रामीणों के मुताबिक सुबह करीब नौ बजे गोली चलने की आवाज आयी। इसके बाद ग्रामीण पहुंचे तो वहां सिर्फ शव पड़ा मिला। इसके अलावा कोई और नहीं था।

Posted By: Inextlive