- गोमती नगर विस्तार थाने में गायत्री के पूर्व परिचित ने दर्ज कराई थी एफआइआर

- आरोप पत्र में पूर्व मंत्री पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला व गायत्री के बेटे का नाम शामिल नहीं

lucknow@inext.co.in

LUCKNOW :

पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के खिलाफ राजधानी पुलिस ने एक और आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया है। यह मामला गोमती नगर विस्तार थाने में दर्ज जालसाजी समेत अन्य धाराओं में दर्ज एफआइआर का है। गायत्री पर पूर्व परिचित ने संगीन आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इससे पहले गौतमपल्ली थाने में दर्ज दुष्कर्म के मामले में पूर्व मंत्री के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की थी।

दर्ज कराई गई थी एफआईआर

गोमती नगर के खरगापुर में रहने वाले ब्रिज भवन चौबे पूर्व मंत्री की निजी कंपनी में निदेशक थे। उन्होंने गोमती नगर विस्तार थाने में पूर्व मंत्री के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली चित्रकूट निवासी महिला व उनके बेटे अनिल के खिलाफ 16 सितंबर को एफआईआर दर्ज कराई थी। ब्रिज भवन का आरोप था कि अनिल प्रजापति ने उनसे कह कर मुकेश नाम के व्यक्ति की संपत्ति पूर्व मंत्री पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला के नाम दर्ज करवाई थी। ब्रिज भवन ने पूर्व मंत्री पर अलग-अलग लोगों के नाम से बेनामी संपत्ति खरीदने का आरोप भी लगाया था।

जल्द अन्य पर भी चार्जशीट

गोमती नगर विस्तार पुलिस ने आरोप पत्र में सिर्फ पूर्व मंत्री का जिक्र किया है। आरोप पत्र में गायत्री पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला व अन्य का नाम अभी नहीं खोला गया है। एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी। अभी इस मामले में कई लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। गौरतलब है कि गाजीपुर थाने में भी पूर्व मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसकी विवेचना इंस्पेक्टर सरोजनी नगर कर रहे हैं।

Posted By: Inextlive