- हाता संगी बेग और मोहम्मदिया मस्जिद का इलाका हॉटस्पॉट लिस्ट से बाहर

257 हुई राजधानी में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या

- 01 मरीज निजी मेडिकल कॉलेज से हुआ डिस्चार्ज

LUCKNOW : राजधानी में कोरोना संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को मछली मोहाल इलाके में पूर्व में मिले मरीजों के संपर्क में एक और युवक संक्रमण की गिरफ्त में आ गया। इससे पहले यहां एक ही परिवार के सात लोग संक्रमित मिले थे। इसमें एक 13 वर्षीय बच्ची भी शामिल थी। शनिवार को मिले संक्रमित युवक का इस परिवार में आना-जाना था। वहीं जिला प्रशासन ने दो इलाकों को हॉटस्पॉट लिस्ट से बाहर कर दिया है। उधर, एक निजी मेडिकल कॉलेज से एक मरीज को डिस्चार्ज भी किया गया।

36 घंटे बाद भी गर्भवती में संक्रमण का नहीं चला पता

हजरतगंज के नरही में शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव मिली गर्भवती में संक्रमण का पता 36 घंटे बाद भी नहीं लग सका है। एसीएमओ डॉ। ए राजा ने बताया कि यहां से 15 नमूने जांच को भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। आशंका है कि परिवार के किसी दूसरे सदस्य के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद महिला को संक्रमण हुआ। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, लॉकडाउन के बाद महिला कहीं नहीं गई। छह मई को वह विवेकानंद अस्पताल परामर्श के लिए गई थी तो डॉक्टरों ने उसे कोरोना जांच कराने को कहा था।

फातिमा अस्पताल को नहीं किया सील

विवेकानंद अस्पताल के सचिव स्वामी मुक्तिनाथानंद के अनुसार महिला ने यहां आने से पहले फातिमा अस्पताल जाने की बात भी बताई थी। अगर यह सच है तो निजी अस्पताल को सील करने की कार्रवाई नहीं करना स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही है। क्योंकि विवेकानंद अस्पताल के दो वार्ड को 48 घंटे के लिए सील किया गया है। यहां से डॉक्टर समेत 10 लोगों के नमूने जांच को भेजे गए हैं। हालांकि इमरजेंसी चालू है। इस बारे में एसीएमओ डॉ। केपी त्रिपाठी से सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

दो हॉटस्पॉट लिस्ट से बाहर

शनिवार को एक निजी मेडिकल कॉलेज से एक मरीज को कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा नक्खास चौकी के अंतर्गत आने वाला हाता संगी बेग, और सहादतगंज के मोहम्मदिया मस्जिद इलाके को जिला प्रशासन ने हॉटस्पॉट लिस्ट से बाहर कर दिया। अब कुल 11 हॉटस्पॉट बचे हैं।

नरही में लोगों ने खुद को किया लॉक

रुष्टयहृह्रङ्ख (9 रूड्ड4) : महिला में कोरोना संक्रमण पाए जाने के बाद नरही के निवासियों ने खुद भी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। वैसे तो पुलिस ने संक्रमित महिला के घर वाले तुफैल अहमद मार्ग को सील कर दिया है और वहां पुलिस तैनात है। लेकिन अब स्थानीय निवासी बाहरी लोगों की आवाजाही बंद करने के लिए सड़क को बंद कर रहे हैं। नरही की कई गलियों में सीढि़यां और बल्लियां लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया है। बाहर से सब्जी बेचने वालों को भी रोका जा रहा है।

उधर, शनिवार को नरही में पुलिस भी सख्त दिखी। हजरतगंज से नरही बाजार प्रवेश मार्ग को बंद कर दिया गया था। नरही में रहने वालों को ही प्रवेश दिया गया। सुबह के समय शराब पीकर घूम रहे लोगों पर पुलिस ने भी सख्ती दिखाई। नरही पुलिस के चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ गश्त किया और बेवजह टहल रहे या फिर ग्रुप में खड़े लोगों को भगाया।

Posted By: Inextlive